Begusarai Flood : बेगूसराय के मटिहानी प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने सोमवार को गोरगामा पंचायत से बाढ़ राहत एवं जनसंपर्क दौरे की शुरुआत की.
इस दौरान उन्होंने कौवाकोल ढाला, दरियापुर, सोनपुर भराठ, हेमरपुर, बलहपुर-1, बलहपुर-2, चाक, छितरौर, खोरमपुर, सिंहमा, मटिहानी-2, रामदीरी लवहरचक, रामनगर, नकटी, महाजी, भवानंदपुर, जगतपुरा, पन्नापुर, नया टोला रचियाही, पुराना टोला रचियाही तथा चकबली सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया.
पशुचारा, सामुदायिक रसोई और एंबुलेंस न मिलने से बढ़ीं परेशानियां
दौरे के दौरान भाकपा नेताओं ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली, ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग और पशु गांवों में फंसे हुए हैं, पशुओं के लिए पर्याप्त पशुचारे की व्यवस्था नहीं होने से पशुपालकों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है.
वही बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कई स्थानों पर सामुदायिक रसोई की व्यवस्था नहीं होने से भोजन की समस्या भी बनी हुई है, पीड़ित परिवारों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग गांव से बाहर बांध एवं अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं.
ऐसे में बीमार पड़ने वाले लोगों के इलाज के लिए चिकित्सकीय टीम की नियमित व्यवस्था नहीं है, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल एंबुलेंस की आवश्यकता है, लेकिन इसकी पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रशासन तुरंत चारा, रसोई, दवाइयां व मेडिकल टीम करे तैनात
भाकपा जिला सचिव अवधेश कुमार राय ने कहा कि बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है. उन्होंने प्रशासन से पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई, आवश्यक दवाओं के साथ मेडिकल टीम तथा आपात स्थिति में एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
राहत कार्यों में सुधार न होने पर आंदोलन को बाध्य होगी भाकपा
इस अवसर पर पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि साहेबपुर कमाल से लेकर बछवाड़ा तक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही है और स्थानीय एवं जिला प्रशासन को जमीनी स्थिति से अवगत करा रही है.
उन्होंने कहा कि यदि एक-दो दिनों में राहत एवं बचाव कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो पार्टी बाढ़ पीड़ित परिवारों की सुरक्षा एवं हिफाजत के लिए आवश्यक कदम उठाने को बाध्य होगी.
दौरे में पूर्व विधायक राम रतन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस मौके पर तेघरा पूर्व विधायक राम रतन सिंह, सचिव मंडल सदस्य प्रताप नारायण सिंह, राज्य परिषद सदस्य राजेंद्र चौधरी, साहेबपुर कमाल अंचल मंत्री सह पूर्व प्रमुख मनोज कुमार, दरियापुर मुखिया शोभा पासवान, अमोद कुमार मिश्रा, गोवर्धन तांती, रविंद्र सिंह रविन सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.
