चेरियाबरियारपुर के मेहदा शाहपुर में शॉर्ट-सर्किट से लगी भीषण आग,नगदी समेत लाखों रुपए मूल्य के सामान जलकर हुआ राख

चेरियाबरियारपुर के मेहदा शाहपुर में शॉर्ट-सर्किट से दो घर जलकर राख हुए. लाखों की संपत्ति का नुकसान, प्रशासन से मुआवजे की मांग.

Begusarai News: जिले के चेरियाबरियारपुर प्रखंड अंतर्गत मेहदा शाहपुर पंचायत (वार्ड संख्या 09) में सोमवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी की घटना घटित हुई. इस दर्दनाक हादसे में दो परिवारों के खपरैल घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं. आग की चपेट में आने से सिंघेश्वर ठाकुर और ब्रह्मदेव ठाकुर के घर पूरी तरह जल गए, जबकि आग बुझाने के दौरान पड़ोसी शंकर ठाकुर का खपरैल मकान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.

सामान निकालने का भी नहीं मिला मौका

ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 11:00 बजे अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से चिंगारी भड़की और देखते ही देखते तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. जब तक परिजन कुछ समझ पाते और शोर मचाते, लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भयावह थी कि परिवार के लोग घर से एक भी सामान बाहर नहीं निकाल सके. घर में रखा अनाज (गेहूं, मक्का), कपड़े, बर्तन, बिस्तर, चौकी और अन्य सभी घरेलू सामग्री जलकर भस्म हो गई.

बेटी की शादी का कर्ज चुकाने के लिए रखे थे ₹1 लाख नगद

सिंघेश्वर ठाकुर की पुत्री पीड़िता पिंकी देवी ने रोते हुए बताया कि उनके दोनों भाई परदेस में मेहनत-मजदूरी करके और महाजन से कर्ज लेकर बहन की शादी का बकाया कर्ज चुकाने के लिए घर में ₹1 लाख नकद लाए थे. यह पूरी नकदी आग की भेंट चढ़ गई. इसके अलावा लगभग ₹2 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात भी जलकर राख हो गए. कुल मिलाकर सिंघेश्वर ठाकुर के परिवार को 3 लाख रुपये से अधिक का सीधा नुकसान हुआ है. वहीं ब्रह्मदेव ठाकुर के घर में रखे लगभग ₹6,000 नकद, अनाज, बर्तन और वस्त्र भी पूरी तरह जल गए.

संकरी गली बनी बाधा, ग्रामीणों ने हैंडपंप व मोटर से पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही मंझौल से दमकल (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी तुरंत रवाना हुई, लेकिन वार्ड की गली अत्यंत संकरी और घनी होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाल्टी, मोटर और चापाकल के सहारे घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक दोनों घर पूरी तरह जल चुके थे.

जनप्रतिनिधियों ने की मुआवजे और आवास की मांग

हादसे के बाद मुखिया प्रतिनिधि बम-बम सिंह, पूर्व मुखिया निरंजन कुमार उर्फ टुनटुन, पूर्व वार्ड सदस्य कृष्णनंदन सिंह उर्फ सीताराम सिंह, वर्तमान वार्ड सदस्य मो. साजन और सोहन पाठक ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को सांत्वना दी. जनप्रतिनिधियों ने अंचल प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल पॉलीथिन शीट, सूखा राशन, आपदा राहत मुआवजा और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग की है. घटना की सूचना अंचलाधिकारी (CO) को दे दी गई है. सीओ ने राजस्व कर्मचारी से जांच रिपोर्ट तलब करते हुए सरकारी नियमानुसार हरसंभव सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.

Also Read: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की बैठक में संगठन के विस्तार पर चर्चा, वार्ड 35 के संयोजक बने रंजीत सिन्हा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By इफ्तेखार आलम

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >