बेगूसराय में 'लेट्स इंस्पायर बिहार' का सदस्यता अभियान तेज, IG विकास वैभव बोले- यह सिर्फ संगठन नहीं, बदलाव का जनआंदोलन

बेगूसराय में 'लेट्स इंस्पायर बिहार' अभियान ने सदस्यता विस्तार पर ज़ोर दिया. आईजी विकास वैभव ने इसे सकारात्मक बदलाव का जनआंदोलन बताते हुए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया.

Lets Inspire Bihar Membership Campaign Begusarai : बेगूसराय शहर स्थित जुबली ढाबा में 'लेट्स इंस्पायर बिहार' अभियान के सदस्यता विस्तार को लेकर बेगूसराय अध्याय की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में अभियान के संरक्षक सह बिहार पुलिस के आईजी विकास वैभव ने संगठन की भावी रणनीति, सदस्यता विस्तार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया.

Begusarai News : सदस्यता विस्तार की रणनीति पर हुई चर्चा

बैठक की शुरुआत अभियान के उद्देश्यों और सदस्यता विस्तार की रूपरेखा पर चर्चा के साथ हुई. बेगूसराय अध्याय के पदाधिकारियों ने जिले में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए. इस दौरान युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों को अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया.

'सकारात्मक बदलाव का जनआंदोलन है लेट्स इंस्पायर बिहार'

आईजी विकास वैभव ने कहा कि 'लेट्स इंस्पायर बिहार' केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का जनआंदोलन है. उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और जनभागीदारी के माध्यम से बिहार को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान के उद्देश्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और सदस्यता अभियान को मजबूत करने की अपील की.

'बिहार के विकास में जनभागीदारी जरूरी'

आईजी ने कहा कि समाज में स्थायी बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है. इसके लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है. यदि प्रत्येक व्यक्ति शिक्षा, सेवा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो बिहार विकास और सामाजिक परिवर्तन का नया उदाहरण बन सकता है.

पंचायत स्तर तक पहुंचेगा अभियान

अभियान के क्षेत्रीय प्रभारी प्रभाकर कुमार राय ने युवाओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और भागीदारी से व्यापक सामाजिक परिवर्तन संभव है. उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान को पंचायत स्तर तक पहुंचाने, नियमित जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई गई है.

हर प्रखंड में बनेगी स्वयंसेवकों की टीम

बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में बेगूसराय जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा. जिला समन्वयक ब्रजेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक प्रखंड में स्वयंसेवकों की टीम गठित की जाएगी, जो अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी. बैठक में जिला सदस्यता प्रभारी रंधीर सिंह मीणा, सिकंदर पासवान, सद्दाम हुसैन, पल्लव कुमार, सौरभ सिप्पी, नवनीत रंजन, प्रियम कुमार, नंदन कुमार, बिंदु चौधरी, कामनी कुमारी सहित सभी प्रखंडों के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin Kumar Mishra

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >