Begusarai Farmers Convention : केंद्र और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 19 जुलाई को आयोजित होने वाले कन्वेंशन की तैयारी को लेकर बुधवार को बिटी रणदीवे भवन स्थित सीटू जिला कार्यालय में किसान कौंसिल और बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता किसान कौंसिल के जिला अध्यक्ष सुरेश यादव ने की.
Begusarai News : 19 जुलाई को कर्मचारी भवन में होगा कन्वेंशन
संयुक्त बैठक के बाद बिहार राज्य किसान सभा के पूर्व राज्य अध्यक्ष एवं बेगूसराय के पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे से बेगूसराय कर्मचारी भवन के सभागार में कन्वेंशन आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को बिहार राज्य किसान सभा के राज्य महासचिव विनोद कुमार संबोधित करेंगे.
10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन की बनेगी रणनीति
बैठक में बताया गया कि कन्वेंशन का उद्देश्य 10 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाना और आंदोलन की सफलता के लिए रणनीति तैयार करना है. वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिला और गरीब विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया.
कई नेताओं ने रखे अपने विचार
बैठक को सीटू जिला सचिव एवं मटिहानी जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह, सीटू जिला अध्यक्ष आर.एस. राय, बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन के जिला सचिव रामभजन सिंह, किसान कौंसिल के जिला सचिव दयानिधि चौधरी, संयुक्त सचिव रामाशीष राय सहित कई नेताओं ने संबोधित किया. इस दौरान सीटू नेता पी.के. वर्मा, राकेश कुमार, मुकेश झा, प्रमोद साह, सुरेंद्र शाह समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे.
