पीएचसी तक जाने वाली कच्ची सड़क बनी मुसीबत, कीचड़ और जलजमाव से मरीज परेशान

बेगूसराय के डंडारी पीएचसी तक जाने वाली कच्ची सड़क बारिश में कीचड़ और जलजमाव से दलदल बन गई है. इससे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है, एंबुलेंस सेवा भी बाधित है. ग्रामीणों ने प्रशासन की उपेक्षा का आरोप लगाया है.

Begusarai News : बेगूसराय जिले के डंडारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेतरी, डंडारी तक जाने वाली कच्ची सड़क इन दिनों मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव और कीचड़ हो जाता है, जिससे अस्पताल पहुंचने में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

कीचड़ में फंस रहे वाहन, एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित

मुख्य सड़क से पीएचसी तक प्रतिदिन एंबुलेंस, निजी वाहन और बाइक से मरीज पहुंचते हैं. लेकिन कच्ची सड़क की बदहाल स्थिति के कारण वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं. कई बार बाइक सवार फिसलकर दुर्घटना का शिकार भी हो रहे हैं. गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सबसे अधिक दिक्कत हो रही है.

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाया उपेक्षा का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का यह महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद इसकी मरम्मत या सुधार के लिए अब तक न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस पहल की है. बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़मय हो जाती है, जबकि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.

सड़क मरम्मत और जल निकासी की उठी मांग

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है. लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है. साथ ही कहा है कि यदि फिलहाल पक्की सड़क बनाना संभव नहीं है, तो मिट्टी, ईंट या गिट्टी डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

अस्थायी भवन में संचालित हो रहा है स्वास्थ्य केंद्र

गौरतलब है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है. इसी कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फिलहाल मध्य विद्यालय तेतरी के एक हिस्से में अस्थायी रूप से संचालित किया जा रहा है. ऐसे में इस मार्ग का महत्व और भी बढ़ गया है, लेकिन बदहाल सड़क मरीजों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >