गढ़पुरा में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी शुरू, 13 से 17 अगस्त तक फहराया जाएगा तिरंगा

Begusarai News : स्वतंत्रता दिवस पर गढ़पुरा में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी शुरू. 13 से 17 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराने का लक्ष्य, प्रशासन ने की विशेष अपील.

Begusarai News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गढ़पुरा प्रखंड में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है. शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय में बीडीओ अखिलेश्वर कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर अभियान की रूपरेखा तय की गई. बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक, जीविका दीदियां और आंगनबाड़ी सेविकाएं शामिल हुईं. बीडीओ ने कहा कि 13 से 17 अगस्त तक प्रखंड के प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है. इसलिए इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखते हुए इसे जनभागीदारी का रूप दिया जाए.

पंचायत स्तर पर अभियान को लेकर होगी विशेष तैयारी

बैठक में बीडीओ ने पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को अभियान से जोड़ने की जिम्मेदारी दी. उन्होंने जीविका समूहों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगे की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही पंचायत भवन, सरकारी कार्यालय और अन्य सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाने को कहा गया. उन्होंने बताया कि स्कूलों में तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित हो. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह आपूर्ति पदाधिकारी गोविंद कुमार को 9 से 17 अगस्त तक विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया गया.

स्वच्छता अभियान के साथ सजेंगे गांव और सार्वजनिक स्थल

हर घर तिरंगा अभियान के दौरान गांवों और वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा सरकारी भवनों पर रंगोली और रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. लोगों से सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान में भाग लेने और तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर साझा करने की अपील भी की गई, ताकि अभियान को व्यापक स्तर पर जनआंदोलन का रूप दिया जा सके.

17 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

बीडीओ अखिलेश्वर कुमार ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि 17 अगस्त तक गढ़पुरा प्रखंड का कोई भी घर तिरंगे से अछूता नहीं रहे. उन्होंने सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की. बैठक में बीएओ ओमप्रकाश यादव, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामप्रीत राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और कर्मी उपस्थित थे.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >