पहली शादी की सालगिरह से एक दिन पहले उजड़ गई मांग, गुजरात में क्रेन से गिरकर बेगूसराय के युवक की मौत

रोजगार की तलाश में गुजरात गए बेगूसराय के संदीप कुमार की क्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई. यह दुखद घटना उनकी शादी की पहली सालगिरह से ठीक एक दिन पहले हुई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Begusarai Youth Dies in Gujarat : बेगूसराय जिले के छौड़ाही प्रखंड अंतर्गत नारायणपीपड़ पंचायत के पनसल्ला गांव में बुधवार को उस समय मातम पसर गया, जब गुजरात के पोरबंदर से युवक की मौत की खबर पहुंची. गांव निवासी मनोज कुमार महतो के 20 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार की कार्य के दौरान क्रेन से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया.

Begusarai News : रोजगार के लिए गया था गुजरात, काम के दौरान हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार संदीप कुमार रोजगार की तलाश में गुजरात के पोरबंदर जिले में स्थित सीएस एलीवेटर सर्विसेज कंपनी में कार्यरत था. बुधवार को काम के दौरान वह क्रेन के ऊपरी हिस्से से नीचे गिर गया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

पहली सालगिरह से पहले पत्नी का टूटा संसार

इस घटना का सबसे भावुक पहलू यह है कि संदीप की शादी की पहली वर्षगांठ आने में सिर्फ एक दिन बाकी था. उसकी शादी 16 जुलाई 2025 को गढ़पुरा थाना क्षेत्र निवासी अरविंद महतो की पुत्री अनिशा कुमारी के साथ हुई थी. गुरुवार को दोनों अपनी पहली शादी की सालगिरह मनाने वाले थे, लेकिन उससे एक दिन पहले ही पति की मौत की खबर ने अनिशा की दुनिया उजाड़ दी. परिजनों के अनुसार सूचना मिलते ही वह बेसुध होकर विलाप करने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.

प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

संदीप की मौत के बाद एक बार फिर दूसरे राज्यों में काम करने वाले बिहार के प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनियों और ठेकेदारों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराना चाहिए. श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण, उचित प्रशिक्षण और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anjan kumar akas

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >