Begusarai News : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक गांधी स्टेडियम में मुख्य समारोह हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री सह बेगूसराय जिले के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी. राष्ट्रगान के साथ पूरा समारोह स्थल देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया. इस दौरान विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की. मौके पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, नगर निगम की महापौर पिंकी देवी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर समेत अन्य अतिथिगण मौजूद रहे.
तिरंगा त्याग, संघर्ष और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक : प्रभारी मंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि तिरंगा देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष, बलिदान, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि सरकार का मूल संकल्प समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि बेगूसराय अपनी ऐतिहासिक विरासत को संजोते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, सुशासन और पर्यटन के क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है.
1,096 छात्र-छात्राओं को मिली आर्थिक सहायता
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में जिले के 1,096 छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है. शिक्षा के क्षेत्र में जिले में 22 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय स्थापित किए गए हैं. वहीं उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए विभिन्न प्रखंडों में 10 नए डिग्री कॉलेज स्थापित किए गए हैं.
विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत रोजगार पर जोर
ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार का प्रावधान किया गया है. मंत्री ने बताया कि जुलाई 2026 में ही जिले में 1,07,960 मानव दिवस का सृजन किया गया.
स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार
मंत्री ने कहा कि जिले में 61 नए अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होने के बाद अब कुल 85 एपीएचसी कार्यरत हैं. वहीं 63 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होने के बाद इनकी कुल संख्या बढ़कर 501 हो गई है. उन्होंने बताया कि मंझौल, बलिया और तेघड़ा में तीन-तीन बेड वाले आधुनिक डायलिसिस सेंटर शुरू किए गए हैं. सदर अस्पताल, बेगूसराय में अब 36 से अधिक प्रकार के जटिल ऑपरेशनों की सुविधा उपलब्ध है.
सिमरिया धाम विकास परियोजना के दूसरे चरण का काम जारी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक सिमरिया धाम विकास परियोजना के फेज-2 का कार्य तेजी से जारी है. मिथिला हाट की तर्ज पर सिमरिया घाट के विकास के लिए 25 एकड़ भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है, जबकि 65 एकड़ भूमि की स्वीकृति मिल चुकी है. उन्होंने कहा कि प्रमुख पथ परियोजनाओं के माध्यम से समस्तीपुर और दरभंगा से कनेक्टिविटी बेहतर होने पर लगभग 10 से 22 लाख लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है.
