बेगूसराय के गढ़पुरा थाना में पदस्थापित चार सहायक अवर निरीक्षकों (ASI) को प्रोन्नति देकर पुलिस अवर निरीक्षक (SI) बना दिया गया है. पुलिस मुख्यालय से प्रोन्नति की आधिकारिक सूची जारी होने के बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को उनके नए पद के अनुरूप प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है. जैसे ही प्रोन्नति की खबर मिली, गढ़पुरा थाना परिसर में खुशी और जश्न का माहौल बन गया.
प्रोन्नति पाने वाले पुलिस पदाधिकारियों में विश्वजीत सिंह, मीनू शर्मा, पारसनाथ शर्मा और कैलाश कुमार शामिल हैं. ये चारों पदाधिकारी लंबे समय से गढ़पुरा थाना में अपनी निष्ठावान सेवाएं दे रहे हैं. इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल में थाना क्षेत्र के भीतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, नियमित पुलिस गश्ती सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पुलिसीय कार्यों में अपनी अहम जिम्मेदारी बखूबी निभाई है.
सहकर्मियों ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
इन सभी की प्रोन्नति पर थाना परिसर में मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने चारों पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी. थानाध्यक्ष राहुल कुमार सहित थाना के अन्य सभी पुलिसकर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की हार्दिक कामना की.
पुलिसकर्मियों ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रोन्नति से इन पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है. हमें पूरी उम्मीद है कि वे आगे भी इसी प्रकार पूरी निष्ठा, ईमानदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा क्षेत्र में कानून का राज मजबूत बनाए रखेंगे.
