Begusarai Shravani Mela 2026 : बेगूसराय में आयोजित होने वाले बाबा हरिगिरिधाम श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ 30 जुलाई से होगा. जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार मेला 28 अगस्त 2026 तक चलेगा. मेले का औपचारिक उद्घाटन 30 जुलाई को किया जाएगा.
चार सोमवारी पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
श्रावण मास के दौरान 3, 10, 17 और 24 अगस्त को चार सोमवारी पड़ेंगी. प्रशासन के अनुसार विशेषकर 17 और 24 अगस्त को दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं और कांवरियों के आने की संभावना है. इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारियों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
कांवरिया मार्गों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा बढ़ाई गई
सिमरिया घाट और झमटिया घाट से बाबा हरिगिरिधाम तक निर्धारित कांवरिया मार्गों पर संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे. पूरे मार्ग पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे.
24 घंटे चलेगा कंट्रोल रूम और गुमशुदा केंद्र
मेला परिसर में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा, जहां तीन पालियों में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. खोए हुए बच्चों और अन्य लोगों की सहायता के लिए अलग गुमशुदा तलाश केंद्र भी बनाया गया है, जिसकी जिम्मेदारी गढ़पुरा के अंचल अधिकारी लवकुश कुमार को सौंपी गई है.
स्वास्थ्य, पेयजल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीएचईडी विभाग द्वारा शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय और जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है. नगर परिषद नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करेगी. स्वास्थ्य विभाग 24 घंटे चिकित्सा दल, एम्बुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखेगा. वहीं अग्निशमन विभाग की टीम और अग्निशामक वाहन भी पूरे मेला अवधि में तैनात रहेंगे.
बाइक गश्ती और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कांवरिया मार्ग, सिमरिया धाम, झमटिया घाट, साहेबपुरकमाल और बाबा हरिगिरिधाम क्षेत्र में बाइक सवार पुलिस गश्ती दल लगातार भ्रमण करेंगे. उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी और अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) महेश्वर प्रसाद सिंह को विभिन्न क्षेत्रों का वरीय प्रभार दिया गया है. अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बखरी पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी करेंगे.
डीएम ने श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील
जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि बाबा हरिगिरिधाम श्रावणी मेला जिले की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण आयोजन है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं. उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित कांवरिया मार्ग का उपयोग करने, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी समस्या की स्थिति में नियंत्रण कक्ष या तैनात अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की.
