251 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ बेगूसराय में शुरू हुआ तीन दिवसीय अष्टयाम महोत्सव, गूंजे मां दुर्गा के जयकारे

बेगूसराय के मंसूरचक प्रखंड में 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय अष्टयाम धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

Ganpatol Durga Mandir Ashtayam Kalash Yatra Begusarai : बेगूसराय जिले के मंसूरचक प्रखंड के गणपतौल स्थित बड़ी दुर्गा माता मंदिर परिसर में गुरुवार को 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय अष्टयाम धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया.

Begusarai News : 251 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से शोभायात्रा में भाग लिया. मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर यज्ञ स्थल पहुंची. रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया.

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई प्राण-प्रतिष्ठा

शोभायात्रा के बाद वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में मां दुर्गा की अष्टधातु (चांदी) की प्रतिमा की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई. इसके उपरांत हवन, पूजा-अर्चना, आरती और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की.

अखंड अष्टयाम संकीर्तन से गूंजेगा मंदिर परिसर

आयोजन समिति के अनुसार 16 जुलाई की दोपहर 2 बजे से अखंड अष्टयाम संकीर्तन शुरू हो गया है. इसमें स्थानीय और बाहर से आए कीर्तन मंडलियां लगातार हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगी. 17 जुलाई को पूर्णाहुति, अष्टयाम समापन और भव्य नगर शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन होगा.

श्रद्धालुओं के लिए की गई विशेष व्यवस्था

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, बैठने, साफ-सफाई और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है. आयोजन समिति के सदस्य पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं. आयोजक सुरेश पासवान एवं समस्त ग्रामवासियों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से महायज्ञ में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज झा

पंकज झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >