बेगूसराय में गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

Begusarai News : बलिया में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट मोड पर है. संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों ने बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है.

Begusarai News : बलिया प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. गुरुवार को एडीएम ब्रज किशोर चौधरी, डीएसपी सुबोध कुमार और सीओ आकाश कुमार ने संयुक्त रूप से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान अधिकारियों ने तुलसी टोल, शादीपुर रोड और चेचियाही बांध ढाला के समीप गंगा के बढ़ते जलस्तर तथा संभावित बाढ़ से निबटने की तैयारियों का निरीक्षण किया.

तुलसी टोल और शादीपुर बांध के पास सामान्य वृद्धि

निरीक्षण के दौरान तुलसी टोल और शादीपुर बांध के आसपास गंगा के जलस्तर में सामान्य वृद्धि पायी गयी. कुछ स्थानों पर पानी सड़क तक पहुंच गया है. हालांकि, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान फिलहाल आवागमन के लिए नाव की आवश्यकता नहीं बतायी गयी. प्रशासन की ओर से इन इलाकों में जलस्तर और आवागमन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

चेचियाही ढाब में सड़क तक पहुंचा गंगा का पानी

वहीं, चेचियाही ढाब में मुख्य सड़क पर गंगा का पानी अपेक्षाकृत अधिक बढ़ा हुआ पाया गया. संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन की ओर से पहले ही सड़क के दोनों सिरों की पहचान के लिए बैरिकेडिंग करा दी गयी है. इसके अलावा यहां एक नाव की भी व्यवस्था कर दी गयी है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो.

चेचियाही ढाब के समीप जायजा लेते अधिकारी

बाढ़ से निबटने के लिए प्रशासन तैयार

अधिकारियों ने बताया कि अंचल और अनुमंडल प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार है. गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाये जाएंगे. प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है.

अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जलस्तर में वृद्धि से उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.

Also Read : औरंगाबाद में गणेश महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 30 अगस्त को होगा कलाकारों का ऑडिशन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कृष्ण कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >