Begusarai News : बेगूसराय. गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. संभावित बाढ़-2026 से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं. प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ जलस्तर और बाढ़ की संभावित स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है. इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने साम्हो प्रखंड का निरीक्षण कर बाढ़ की संभावित स्थिति, प्रशासनिक तैयारियों, नाव परिचालन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
8 प्रखंडों की 39 पंचायतें और 189 गांव चिह्नित
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिले के सभी संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण और अनुश्रवण किया जा रहा है, ताकि जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके और प्रभावित लोगों को समय पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके. पूर्व वर्ष के अनुभव और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर जिले के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है. इसके तहत जिले के कुल 8 प्रखंडों की 39 पंचायतें, जिनमें 37 ग्राम पंचायत और 2 नगर पंचायत शामिल हैं, तथा कुल 189 गांव संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित किए गए हैं.
जिले में 267 नावों के परिचालन की व्यवस्था
संभावित बाढ़ की स्थिति में लोगों के सुरक्षित आवागमन और बचाव कार्यों के लिए जिले में कुल 267 नावों के परिचालन की व्यवस्था की गई है. इनमें 21 सरकारी नाव, निजी नाव मालिकों के साथ एकरारनामा के तहत 239 नाव तथा 7 मोटरबोट शामिल हैं. इसके अतिरिक्त साहेबकमाल प्रखंड की समस्तीपुर और संदलपुर ग्राम पंचायतों में आमजनों के आवागमन की सुविधा के लिए 5 नावों की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है. प्रशासन की ओर से नावों के परिचालन और आवश्यकतानुसार इनके उपयोग की सतत निगरानी की जा रही है.
228 सामुदायिक रसोई और 80 राहत शिविर चिह्नित
बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत और आश्रय उपलब्ध कराने के लिए जिले में 228 सामुदायिक रसोई केंद्र तथा 80 राहत शिविर केंद्र चिह्नित किए गए हैं. इसके अलावा ड्राई राशन पैकेट तैयार करने के लिए 26 स्थल तथा आपातकालीन परिस्थितियों में हवाई सहायता के लिए 18 हेलीपैड स्थल चिह्नित किए गए हैं. आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 41,880 पॉलिथीन शीट भी उपलब्ध हैं.
62 मोबाइल मेडिकल टीम और 48 मेडिकल कैंप की व्यवस्था
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है. संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 62 मोबाइल मेडिकल टीम, 19 अस्थायी मेडिकल कैंप तथा 29 स्थायी मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है. साथ ही आपातकालीन चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 122 प्रकार की जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
52 पशु कैंप और 2,500 क्विंटल पशुचारा तैयार
पशुधन की सुरक्षा और उपचार के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 52 पशु कैंप चिह्नित किए गए हैं तथा पशुओं के उपचार के लिए 44 प्रकार की पशु दवाओं की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही पशुधन के लिए 2,500 क्विंटल पशुचारा भंडारित किया गया है, ताकि बाढ़ की स्थिति में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.
Also Read : नवादा के मधुज कुमार ने सीएस प्रोफेशनल परीक्षा में हासिल की सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
बाढ़ की स्थिति पर लगातार रखी जा रही नजर
जिला प्रशासन की ओर से गंगा नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है. सभी संबंधित विभागों और पदाधिकारियों को अपने-अपने स्तर से पूरी तत्परता के साथ कार्य करने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा आवश्यक संसाधनों का त्वरित उपयोग सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है.
Also Read : मिलादुन्नबी पर धमौल बाजार में निकला जुलूस, नारों से गूंजा इलाका, दिखा भाईचारे का संदेश
आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष को दें सूचना
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. जलभराव और तेज जलधारा वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें. किसी भी आपात स्थिति, सहायता अथवा बाढ़ से संबंधित सूचना के लिए आमजन जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 9279808780 पर संपर्क कर सकते हैं.
Also Read : नवादा में ईद मिलादुन्नबी पर निकला जश्ने जुलूस, तिरंगे के साथ दिखा धार्मिक उत्साह और भाईचारा
