Begusarai News : बखरी स्थित एक फाइनेंस कंपनी के आठ कर्मचारियों पर ऋणधारकों से वसूली गई 5,91,350 रुपये की राशि का कथित गबन कर फरार होने का आरोप लगा है. मामला अहमदाबाद स्थित नम्रा फाइनेंस कंपनी लिमिटेड की बखरी शाखा से जुड़ा है. कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक के आवेदन पर बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
क्षेत्रीय प्रबंधक के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक नंदकिशोर कुमार साह ने बखरी थाना में दिए आवेदन में बताया कि कंपनी के आठ कर्मचारियों ने ऋणधारकों से ईएमआई और सेटलमेंट के नाम पर वसूली गई राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं कर उसका कथित गबन कर लिया.
इन कर्मचारियों पर लगा गबन का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार फील्ड ऑफिसर अजीत कुमार पर 2,89,850 रुपये, अभिषेक कुमार पर 57,080 रुपये, शाखा लेखापाल मंगल कुमार पर 34,160 रुपये, फील्ड ऑफिसर मुन्ना कुमार पर 1,32,480 रुपये, अभिनव चौधरी पर 61,500 रुपये, इंद्रजीत कुमार पर 6,760 रुपये, किशन कुमार पर 4,480 रुपये तथा अमृत कुमार पर 5,040 रुपये के गबन का आरोप लगाया गया है.
आंतरिक जांच में सामने आई वित्तीय अनियमितता
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी ऋणधारकों से ईएमआई और सेटलमेंट की राशि प्राप्त कर उसी दिन संबंधित खातों में प्रविष्टि करते हुए कंपनी के खाते में जमा कराना था. कंपनी की आंतरिक जांच में सभी आरोपी वित्तीय अनियमितता के दोषी पाए गए, जिसके बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया.
राशि लौटाने का दिया था आश्वासन
कंपनी के अनुसार, ऋणधारकों की शिकायत मिलने के बाद आरोपित कर्मचारियों से संपर्क किया गया. उन्होंने छह जुलाई तक गबन की गई राशि जमा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गए. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कानूनी कार्रवाई की बात करने पर कुछ आरोपितों ने अंजाम भुगतने की धमकी भी दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि यह मामला करीब एक सप्ताह पुराना है, जिसका खुलासा कंपनी की आंतरिक जांच के दौरान हुआ.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
