Begusarai News : खोदावंदपुर थाना परिसर में शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में 35 वर्षों तक ईमानदारी और निष्ठा के साथ सेवा देने वाले चौकीदार सुरेश पासवान को सेवानिवृत्ति के अवसर पर माला और अंगवस्त्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई. सुरेश पासवान योगीडीह एवं मसुराज महाल के चौकीदार के रूप में कार्यरत थे और 31 जुलाई को विधिवत सेवानिवृत्त हुए.
एसडीपीओ ने की सेवाकाल की सराहना
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार ने कहा कि सुरेश पासवान ने अपने लंबे सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ और समर्पित कर्मियों का योगदान विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा.
सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
एसडीपीओ ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. साथ ही उन्होंने सुरेश पासवान के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की.
पुष्पमाला और अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान थाना परिवार की ओर से सुरेश पासवान को पुष्पमाला पहनाकर और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और चौकीदारों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
भावुक माहौल में दी गई विदाई
समारोह में थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पुअनि अख्तर हुसैन, एएसआई विवेककांत शेखर, पीटीसी भैरव प्रताप, समाजसेवी राम गुलजार महतो, नरेश पासवान सहित चौकीदार चन्द्रशेखर पासवान, दिनेश पासवान, गांगो महतो, अवधेश पासवान, रामबहादुर दास, घनश्याम कुमार, रंधीर कुमार, श्रीराम पासवान तथा थाना के अन्य पुलिसकर्मी एवं चौकीदार उपस्थित रहे. समारोह का माहौल आत्मीय और भावुक रहा. सभी ने सुरेश पासवान के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी.
