बेगूसराय. जिले के नये जिला जज के रूप में जिला जज ऋषिकांत ने बुधवार को अपना योगदान दिया. कोर्ट का काम करने के बाद जिला जज जिला अधिवक्ता संघ में वकीलों के बीच पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. जिला जज के साथ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम आलोक कुमार पांडेय थे. इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के महासचिव अजय कुमार मुन्ना, अध्यक्ष संजीत कुमार, जिला वकील संघ के महासचिव विजयकांत झा, अध्यक्ष ध्रुव कुमार महतो समेत अधिवक्ता गोपाल कुमार, राजेश सिंह, वशिष्ठ कुमार अम्बष्ट, राजदान बुखारी, अमित कुमार समेत अन्य अधिवक्ता गण उपस्थित थे. जिला जज को फूल देकर सम्मानित किया गया.
नये जिला जज के रूप में ऋषिकांत ने कामकाज संभाला
इस अवसर पर जिला जज ने कहा कि हम भी वकील समाज से होकर न्यायाधीश की कुर्सी पर आये हैं और अधिवक्ताओं के समस्या को हम अच्छी तरह से जानते हैं. वकीलों के हर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जायेगा. बता दें कि उपस्थित वकीलों ने अपनी समस्या जिला जज के सामने रखा और बताया कि जिला जज कैंपस के मुख्य गेट बंद करने से वकीलों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. इस पर ध्यान देने की जरूरत है. साथ ही लिफ्ट से जुड़ी समस्या को भी वकीलों ने उठाया. जिला जज ने सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
