Begusarai News : बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी-दो पंचायत के शिबूटोल गांव में शनिवार की अहले सुबह इंजीनियरिंग छात्र का शव घर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. शव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए.
समस्तीपुर में नदी में स्नान के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान शिबूटोल गांव निवासी विपीन राय के लगभग 20 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंस समस्तीपुर जिले के सरायरंजन स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र था. शुक्रवार को वह अपने छह साथियों के साथ घूमने गया था. इसी दौरान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के मदुदाबाद गांव स्थित शिवना बाया नदी में स्नान करते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद छात्र को नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंस कुमार दो भाइयों में बड़ा था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.
