बेगूसराय: नगर परिषद के विकास को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा गया 11 सूत्री मांग पत्र

बेगूसराय नगर परिषद के समग्र विकास को लेकर भाजपा ने कार्यपालक पदाधिकारी को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा है। इसमें नल-जल योजना, जलजमाव, आवास योजना, हाईटेक लाइब्रेरी, एंबुलेंस सेवा और बाजार सुधार जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल हैं।

Begusarai News: नगर परिषद के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिक समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर शुक्रवार को कार्यपालक पदाधिकारी अनीशा कुमारी को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सह साहेबपुरकमाल विधानसभा प्रभारी राकेश रौशन मुन्ना के द्वारा 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया. इस मांग पत्र के जरिए नगर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है.

नल-जल योजना और होल्डिंग टैक्स के बावजूद जलजमाव पर उठाए सवाल

सौंपे गए मांग पत्र में मुख्य रूप से सात निश्चय योजना के तहत संचालित नल-जल योजना का लाभ लोगों को सुचारू रूप से नहीं मिलने, कई स्थानों पर पाइप फटने, समय पर पानी नहीं आने, दूषित जल आपूर्ति तथा जलमीनार की नियमित सफाई नहीं होने जैसी शिकायतों से अवगत कराया गया. इसके साथ ही नगरवासियों से नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स सहित अन्य कर वसूले जाने के बावजूद जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं होने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा अतिक्रमित जलनिकासी मार्गों व गड्ढों की सफाई कराने की पुरजोर मांग की गयी. नेताओं ने कहा कि नगर में नए नालों के निर्माण के बावजूद जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, इसके लिए एक वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए. इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और लंबित राशि का अविलंब भुगतान कराने की मांग भी रखी गई.

हाईटेक लाइब्रेरी, एंबुलेंस और सुव्यवस्थित बाजार बनाने की मांग

व्यवसायियों एवं आम नागरिकों की सुविधाओं के लिए बलिया बाजार, बड़ी बलिया बाजार, लखमिनियां बाजार सहित प्रमुख स्थानों पर आधुनिक सार्वजनिक शौचालय और मूत्रालय बनाने की बात कही गई. इसके साथ ही छात्र-छात्राओं और युवाओं के हित में नगर क्षेत्र में निःशुल्क हाईटेक सरकारी लाइब्रेरी स्थापित करने तथा विकसित शहरों की तर्ज पर मूलभूत सुविधाओं के साथ स्थायी सब्जी एवं फल बाजार बनाने की मांग शामिल है.

यातायात व्यवस्था में सुधार और टोटो स्टैंड का निर्माण

नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टेंपो व टोटो के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने तथा नगर परिषद का अपना हाईटेक एंबुलेंस उपलब्ध कराने की भी मांग की गयी. इसके अतिरिक्त बड़ी बलिया, पटेल चौक, स्टेशन चौक, मथुरापुर, शक्ति चौड़ा एवं लखमिनियां बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थित टोटो-टेंपो स्टैंड विकसित करने तथा वाहन चालकों के सहयोग से इसका संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की गयी है. मांग पत्र में नगर क्षेत्र में कथित अवैध कत्लखानों, बिना लाइसेंस संचालित मीट-मुर्गा दुकानों तथा सड़क किनारे लगने वाले अव्यवस्थित मछली बाजार की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का भी आग्रह किया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Krishna

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >