Begusarai Flood: बांध पर शरण लिए बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे DM, बच्चों के लिए दूध और राशन का दिया आदेश

भागलपुर के बलिया प्रखंड में गंगा के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का गंभीर प्रकोप है. जिलाधिकारी रिची पांडेय ने सनहा-गोरगामा बांध पर बने अस्थायी शरणस्थलों का दौरा किया. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और बच्चों के लिए दूध व सूखे राशन का अविलंब प्रबंध करने का आदेश दिया.

Begusarai Flood: जिले के बलिया प्रखंड अंतर्गत दियारा इलाके में इन दिनों बाढ़ का भारी प्रकोप देखने को मिल रहा है. गंगा के जलस्तर में वृद्धि के बाद प्रभावित लोग ऊंचे स्थानों और बांधों पर शरण लेने को मजबूर हैं. इस संकट के बीच मंगलवार की देर शाम जिलाधिकारी रिची पांडेय स्वयं सनहा-गोरगामा बांध के शादीपुर ढाला एवं तुलसीटोल ढाला पहुंचे. उन्होंने बांध पर बने अस्थायी शरणस्थलों में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया.

सामुदायिक रसोई का निरीक्षण और खाने की गुणवत्ता

जिलाधिकारी ने मौके पर विस्थापित परिवारों के लिए संचालित सामुदायिक रसोई का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने भोजन कर रहे बाढ़ पीड़ितों से सीधे संवाद कर खाने की गुणवत्ता और समय पर भोजन मिलने को लेकर जानकारी ली. पीड़ितों से बातचीत के दौरान डीएम ने कहा कि "बाढ़ पीड़ित परिवारों को किसी भी हाल में बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए. भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवा और जरूरी दवाएं नियमित रूप से समय पर उपलब्ध कराई जाएं."

सनहा-गोरगामा बांध पर सामुदायिक रसोई का निरीक्षण करते डीएम रिची पांडेय | Prabhat Khabar Network

बच्चों के लिए दूध और सूखे राशन का आदेश

निरीक्षण के संबंध में बलिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सह आईएएस अधिकारी अजय यादव ने बताया कि "बांध पर शरण लिए परिवारों ने जिलाधिकारी के समक्ष सूखा राशन तथा छोटे व नवजात बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था कराने की मांग रखी थी." इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया कि "पीड़ित परिवारों को सूखा राशन और दुधमुंहे व छोटे बच्चों के लिए नियमित दूध की आपूर्ति अविलंब शुरू की जाए."

अधिकारियों को निर्देश देते डीएम | Prabhat Khabar Network

राहत कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी रिची पांडेय ने उपस्थित प्रशासनिक टीम को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता बरतने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि "बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की प्राथमिक जरूरतों का लगातार आकलन किया जाए और मांग के अनुसार तत्काल सहायता मुहैया कराई जाए." निरीक्षण के दौरान बलिया के एसडीओ अजय यादव, डीएसपी सुबोध कुमार, बीडीओ संतोष कुमार सहित कई अंचल और अनुमंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read: बेगूसराय में जन्माष्टमी मेला देखकर लौट रहे 10वीं के छात्र की गोली लगने से मौत, तेघड़ा बाजार में सड़क जाम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कृष्ण कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >