दिनकर स्मृति विकास समिति सिमरिया के तत्वावधान में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 118वीं जयंती के नौवें दिन सोमवार को दिनकर स्मारक प्लस टू स्कूल, सिमरिया में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता करते हुए दिनकर पुस्तकालय के कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि आज के बच्चों को राष्ट्रकवि दिनकर की कविताओं को गहराई से आत्मसात करने की सबसे अधिक जरूरत है. इस कार्यक्रम का कुशल संचालन कवि विनोद बिहारी ने किया.
मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए इतिहासविद एवं कवि डॉ. संजय भारद्वाज ने कहा कि दिनकर कवियों के विश्वामित्र हैं. वे नए महाभारत के रचनाकार हैं, जो पारंपरिक मूल स्थापना से बिल्कुल अलग है. उनकी प्रसिद्ध रचना 'रश्मिरथी' ने महाभारत की एक नई अवधारणा को स्थापित किया है.
दिनकर स्मृति विकास समिति के रामनाथ सिंह ने कहा कि दिनकर जी एक महान ओजस्वी कवि होने के साथ-साथ एक बेहद अनुशासित छात्र भी थे, जिससे आज के विद्यार्थियों को सीखने की आवश्यकता है.
'प्रत्यक्ष गवाह' पत्रिका के संपादक पुष्कर प्रसाद सिंह ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर साहित्याकाश के वे सूर्य थे, जिनकी रोशनी आज के दिग्भ्रमित समाज को सही राह दिखाने के लिए प्रेरित करती है. उन्होंने यह भी कहा कि दिनकर की कविताओं से ही भारत के स्वर्णिम भविष्य का निर्माण हो सकता है, इसलिए जिले के हर बच्चे को दिनकर की रचनाओं का अवलोकन करना चाहिए.
स्वागत भाषण और छात्रों द्वारा कविता पाठ
कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य कुलदीप सिंह यादव ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन दिनकर पुस्तकालय के अध्यक्ष विश्वंभर सिंह ने किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को केवल दिनकर की रचनाओं ही नहीं, बल्कि उनके प्रेरणादायक जीवन से भी बहुत कुछ सीखने की जरूरत है.
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं—रमण कुमार, कन्हैया कुमार, आरूषि कुमारी, सृष्टि कुमारी और नयन कुमारी आदि ने राष्ट्रकवि दिनकर की ओजस्वी कविताओं का सस्वर पाठ किया तथा उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला.
गणमान्य बुद्धिजीवियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सुनील कुमार, लोपा मुद्रा, राजेन्द्र राय नेताजी, प्रवीण प्रियदर्शी, संजीव फिरोज, जितेन्द्र झा, दीनबंधु कुमार, श्यामनंदन निशाकर समेत क्षेत्र के कई गणमान्य बुद्धिजीवी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
