महंगाई, अपराध, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की सलौना शाखा के तत्वावधान में सलौना जनता पुस्तकालय परिसर में एक विशाल जनसभा आयोजित की गई. सभा में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को लेकर वक्ताओं ने अपनी बातें रखीं और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया.
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के राज्य परिषद सदस्य एवं युवा नेता विजेंद्र केशरी ने केंद्र सरकार पर संविधान और जनहित के मुद्दों को लेकर तीखे सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में लोग गरीबी और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं. विद्यार्थी और नौजवान जब अपनी समस्याओं को लेकर सवाल पूछते हैं, तो उनके खिलाफ देश विरोधी होने का आरोप लगाया जाता है.
महंगाई का मुद्दा उठाते हुए केशरी ने कहा कि चीनी, सरसों तेल, नमक सहित रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की कीमतें आम लोगों के लिए बड़ी चिंता का विषय बनी हुई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी नीतियों से पूंजीपतियों को फायदा और आम जनता को भारी नुकसान हो रहा है.
उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इन तमाम मुद्दों को लेकर पार्टी की ओर से आगामी 28 सितंबर को पटना में राजभवन घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है. उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बड़ी संख्या में पटना पहुंचकर इस ऐतिहासिक आंदोलन में भाग लेने की अपील की.
पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने उठाए कृषि और विकास से जुड़े मुद्दे
सभा को संबोधित करते हुए बखरी के पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने कृषि और किसानों से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए. उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कृषि क्षेत्र से जुड़े हितों की अनदेखी होती रही, तो इसका सीधा और घातक असर किसानों पर पड़ेगा. उन्होंने कृषि उत्पादों के आयात को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इससे देश के अन्नदाताओं के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं.
पूर्व विधायक ने क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्यों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वीकृत कराई गई सलौना से ब्लॉक चौक तक सड़क निर्माण तथा चंद्रभागा नदी पर पुल निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर अब तक काम शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय समस्याओं पर वक्ताओं ने रखी अपनी बात
सभा में भाकपा के अन्य नेताओं ने भी बखरी क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. यूथ फेडरेशन नेता मो. सबाब, नावकोठी के स्टूडेंट फेडरेशन नेता रौशन कुमार, मो. नसीम, बखरी के राकेश मालाकार, भाकपा सहायक अंचल मंत्री जितेंद्र जीतू और सुरेश सहनी ने क्षेत्र में विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति को लेकर अपनी बातें रखीं.
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बखरी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का काम अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है. उन्होंने सड़क, पुल सहित विभिन्न लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की पुरजोर मांग की.
मोटरसाइकिल मार्च के साथ पहुंची सभा में भीड़
जनसभा से पहले भाकपा नेता विजेंद्र केशरी के बखरी पहुंचने पर अंबेडकर चौक से सलौना तक एक भव्य मोटरसाइकिल मार्च निकाला गया. इसमें बड़ी संख्या में उत्साही युवा और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए.
बारिश थमने के बाद कार्यकर्ता लाल झंडा-पताका लेकर सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए बखरी बाजार के रास्ते सलौना स्थित जनता पुस्तकालय पहुंचे. इस सभा की अध्यक्षता मो. आजाद ने की, जबकि संचालन सलौना के पूर्व सरपंच बलराम स्वर्णकार ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सुमित कुमार, श्रीराम चौरसिया, अनिल चौधरी, पंकज कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अत्यंत सक्रिय भूमिका निभाई.
