Begusarai News : बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में चल रही राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में लगातार चौथे दिन भी देखने को मिला. हड़ताल के कारण शहर में साफ-सफाई से लेकर नगर निगम के सभी आधिकारिक कार्य प्रभावित रहे. रविवार को भी नगर निगम कर्मचारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करते रहे और अपनी तीन सूत्री मांगों के समर्थन में नारेबाजी की.
कूड़ा उठाव बंद होने से शहर में फैली गंदगी
हड़ताल के कारण शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों से कूड़े-कचरे का उठाव नहीं हो सका. इससे रविवार को कई जगहों पर गंदगी का अंबार लगा रहा. बारिश होने के कारण कचरा फैल गया, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई. शहरवासियों को गंदगी के साथ-साथ जलजमाव की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है.
मच्छररोधी छिड़काव और फॉगिंग भी प्रभावित
बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है, लेकिन हड़ताल के कारण नगर निगम की ओर से चलाए जाने वाले मच्छररोधी छिड़काव और फॉगिंग कार्य भी बंद हो गए हैं. लोगों को अब जल्द समाधान की उम्मीद है, ताकि शहर को गंदगी और जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी
संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश कुमार सिंह और महामंत्री दिलीप मल्लिक ने कहा कि वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मियों, संविदा कर्मियों एवं अन्य अस्थायी कर्मचारियों की सेवा नियमित करने और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल जारी है. उन्होंने कहा कि नगर निकायों की दैनिक कार्यप्रणाली और नागरिक सेवाओं के संचालन में कर्मचारी रीढ़ की हड्डी के समान भूमिका निभाते हैं. कई वर्षों से लगातार सेवा देने के बावजूद कर्मियों को स्थायी सेवा का दर्जा और आवश्यक सुरक्षा नहीं मिल सकी है. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
शहरवासियों को जल्द समाधान की उम्मीद
हड़ताल के कारण आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. बारिश के मौसम में कचरा जमा होने और जलजमाव की समस्या से लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है. शहरवासी अब सरकार और हड़ताली कर्मचारियों के बीच जल्द समाधान निकलने की उम्मीद कर रहे हैं.
Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
