Begusarai News: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बेगूसराय स्थित बीएमपी परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल युद्ध के अमर शहीदों और वीर सैनिकों को नमन किया.
डीएसपी पिंकी कुमारी ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीएसएफ-2 की डीएसपी पिंकी कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कारगिल के वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया. उन्होंने बच्चों से जीवन में देशप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाने का आह्वान किया.
पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस अवसर पर डीएसपी पिंकी कुमारी ने बच्चों के साथ मिलकर परिसर में पौधारोपण भी किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह सैनिक सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी तरह हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधे लगाए.
विद्यालय प्रबंधन ने जताई खुशी
माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल की प्राचार्या डॉ. शीतल और निदेशक डॉ. मनीष देवा ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है. बच्चों के शानदार अभिनय, गीत और नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया.
