बेगूसराय: साहेबपुरकमाल में परोरा पुल से गंगा में छलांग लगाते वक्त डूबा 16 वर्षीय किशोर, गोताखोरों ने बरामद किया शव

बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में गंगा स्नान के दौरान 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Begusarai News: जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत परोरा पुल के समीप गंगा नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान बलिया थाना क्षेत्र के छोटी बलिया मसूरचक (वार्ड संख्या 10) निवासी सुबोध साह के पुत्र अंशु कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से मंगलवार को नदी से शव बरामद किया गया, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

आलोक धाम मंदिर में पूजा से पहले नहाने गया था किशोर

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सावन माह की अंतिम सोमवारी के अवसर पर परोरा गांव स्थित आलोक धाम मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने के लिए अंशु अपने एक दोस्त के साथ बलिया से आया था. मंदिर पहुंचने के उपरांत दोनों मित्र पास ही स्थित परोरा पुल के समीप गंगा घाट पर स्नान करने चले गए.

साथी के मना करने के बावजूद पुल से लगाई तीसरी छलांग

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार गंगा स्नान के दौरान अंशु ने पुल के ऊपर से नदी में दो बार छलांग लगाई और तैरकर सकुशल बाहर निकल आया. तीसरी बार जब वह दोबारा पुल से कूदने लगा, तो उसके साथी ने खतरे की आशंका जताते हुए उसे ऐसा करने से सख्ती से रोका. अंशु ने दोस्त की चेतावनी को अनसुना कर दिया और तीसरी बार भी नदी में छलांग लगा दी, जिसके बाद वह गहरे पानी के भंवर में समा गया और बाहर नहीं निकल सका. हादसे से घबराकर उसका साथी डर के मारे किसी को बताए बिना अंशु के कपड़े और मोबाइल लेकर सीधे उसके घर पहुंचा और परिजनों को सौंप दिया.

गोताखोरों की टीम ने खोज निकाला शव, परिजनों में चीख-पुकार

अनहोनी की आशंका से बदहवास परिजन मंगलवार की सुबह साथी को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी साहेबपुरकमाल के अंचलाधिकारी (CO) संतोष कुमार को दी. सीओ के निर्देश पर स्थानीय गोताखोरों की टीम (अजित कुमार, भवेश कुमार, हितेश कुमार, प्रिंस, विकास, संजीव और निराला) ने नदी में सघन खोजबीन अभियान चलाया. कड़ी मशक्कत के बाद कुछ ही घंटों में किशोर का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया. शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. साहेबपुरकमाल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.

Also Read: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की बैठक में संगठन के विस्तार पर चर्चा, वार्ड 35 के संयोजक बने रंजीत सिन्हा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >