बीहट इब्राहिमपुर टोला वार्ड-30 स्थित बरौनी रिफाइनरी से उत्सर्जित पानी बोरोपीट बांध को तोड़कर किसानों के सैकड़ों बीघा जमीन में लगे लहलहाती फसल में घुसने लगा. इसकी जानकारी मिलने पर ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के जिला सचिव सह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकारिणी सदस्य धीरेंद्र कुमार ने तुरंत इसकी जानकारी बरौनी रिफाइनरी प्रबंधन को दिया. प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने इंजीनियर और अधिकारी को स्थल निरीक्षण करने का आदेश दिया.
उक्त आशय की जानकारी देते हुए धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि रिफाइनरी से जुड़े लगभग आधे दर्जन कर्मचारी और अधिकारी स्थल निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए दो दिन के अंदर कंक्रीट से ढलाई कर ड्रेन सिस्टम को पूरी तरह से पैक कर दिया और बांध को भी दुरूस्त कर दिया गया. बरौनी रिफाइनरी प्रबंधन के त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय सैकड़ों किसानों ने खुशी जताई.
किसानों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से हर साल कारखाना के पानी से फसल बर्बाद होता था. इस बार किसानों की इस समस्या को रिफाइनरी प्रबंधक के द्वारा समुचित निदान कर दिया गया है. कार्य मरम्मति के दौरान किसानों ने भी भरपुर सहयोग किया.
तेघरा के पूर्व विधायक राम रतन सिंह ने बरौनी रिफाइनरी के इडी सत्य प्रकाश को किसानों की समस्या को दुरुस्त करने के लिए धन्यवाद दिया. यह आश्वासन दिया कि स्थानीय लोग आपको सहयोग करने के लिए हमेशा खड़े मिलेंगे. आमजनों में आपकी प्रतिष्ठा और विश्वास कायम रहेगा.
मौके पर विजय कुमार सिंह, रामचंद्र सिंह, राम नंदन सिंह, मनोज सिंह, रामेश्वर सिंह, दीपक कुमार डिस्को समेत दर्जनों किसान दो दिनों तक कार्य के दौरान प्रबंधन के साथ भरपुर सहयोग करते रहे.
