कार्यपालक पदाधिकारियों के समर्थन में बीहट नगर परिषद कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, कार्यालय में तालाबंदी

Begusarai News : बिहार नगर सेवा संघ के आह्वान पर बीहट नगर परिषद के कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की, कार्यालय में तालाबंदी कर सुरक्षा की मांग उठाई।

Begusarai News : बिहार नगर सेवा संघ द्वारा निर्धारित मांगों के पूरा होने अथवा सरकार की ओर से सकारात्मक पहल होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की गई है. इसके तहत सोमवार से राज्यभर के कार्यपालक पदाधिकारी सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं. इसी क्रम में नगर निकाय कर्मचारी संघ, बेगूसराय के आह्वान पर नगर परिषद बीहट कर्मचारी संघ ने भी कार्यपालक पदाधिकारियों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी. कर्मचारियों ने दैनिक कार्यों का बहिष्कार करते हुए नगर परिषद कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी.

कर्मचारियों ने सुरक्षा को बताया बड़ा मुद्दा

नगर परिषद बीहट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मो. नदीम ने बताया कि कार्यालय परिसर में विभिन्न समुदायों के लोगों, संवेदकों और अन्य व्यक्तियों का लगातार आवागमन बना रहता है. ऐसे में पदाधिकारियों और कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारियों की मांगों के समर्थन में नगर परिषद बीहट के सभी कर्मचारी तत्काल प्रभाव से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस दौरान किसी प्रकार की विपरीत परिस्थिति या विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर विकास एवं आवास विभाग की होगी.

कर्मचारियों ने जताई असुरक्षा की भावना

कर्मचारियों ने इस मामले को नगर निकाय कर्मियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया. उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से अधिकारियों और कर्मचारियों में भय तथा असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. कर्मचारियों ने कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण मिलने के बाद ही वे पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे.

डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दी श्रद्धांजलि

हड़ताल के दौरान नगर परिषद बीहट के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने डेहरी नगर परिषद के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष सह प्रधान लिपिक राजकुमार, नीरज कुमार, प्रेम कुमार, संदीप कुमार, प्रवीण कुमार, शोभा देवी, पूनम देवी, गणेश मल्लिक, भत्तु मल्लिक, जूनियर इंजीनियर महावीर प्रसाद, दिलरूबा खातून सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे.

जरूरी सेवाएं ठप, आम लोगों को हुई परेशानी

हड़ताल और तालाबंदी के कारण नगर परिषद कार्यालय के सभी प्रमुख काउंटर बंद रहे. जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, होल्डिंग, कर वसूली, दाखिल-खारिज सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित रहीं. आवश्यक कार्यों से पहुंचे लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar raj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >