बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र के धनकौल पंचायत स्थित बलान नदी बांध के किनारे झाड़ियों से मंगलवार को दोपहर ढाई बजे के आसपास एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया. यह सनसनीखेज घटना धनकौल पंचायत के वार्ड पांच की है, जिसके बाद से पूरे इलाके में भारी दहशत और आक्रोश फैल गया है तथा घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
जानकारों के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले अज्ञात बदमाशों ने मासूम की बेरहमी से हत्या करते हुए उसके सिर, हाथ और पैर काटकर अलग फेंक दिए थे. शव मिलने की सूचना मिलते ही धनकौल पंचायत वार्ड पांच निवासी शबाना खातून तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और पिछले छह दिनों से गायब अपने 5 वर्षीय पुत्र मो. सोफयान के रूप में उसकी शिनाख्त उसके कपड़ों से की.
मृतक के चाचा मो. शाहिद ने बताया कि कपड़ों के आधार पर ही उनके भतीजे के रूप में उसकी पहचान की गई है, जो बीते 17 सितंबर को खेलते समय अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था. वहीं, रोते-बिलखते हुए मृतक की मां ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और पता नहीं किस दरिंदे ने उनके बड़े बेटे को इतनी बेरहमी से मार डाला. परिजनों ने बताया कि बच्चे की गुमशुदगी को लेकर पहले ही तेघड़ा थाना में आवेदन दिया गया था. मृतक दो बहनों के बाद दो भाइयों में सबसे बड़ा था.
एसपी और डीएसपी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ सड़क जाम
इस अमानवीय घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आलापुर, धनकौल और भगवानपुर को जोड़ने वाली मुख्य ग्रामीण सड़क को जाम कर दिया तथा अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग करने लगे. मां का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्वयं मामले की गहन छानबीन में जुट गए. उन्होंने इस घटना की पूरी जानकारी बेगूसराय एसपी को दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय एसपी मनीष स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की. उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत की और घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने का कड़ा आश्वासन दिया. एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.
फिलहाल यह अबूझ पहेली बनी हुई है कि इस घटना को किसने और क्यों अंजाम दिया है. तेघड़ा थाना पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है. एसपी और डीएसपी द्वारा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया.
इलाके में एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं से दहशत
गौरतलब है कि मृतक मासूम बच्चे के माता-पिता और भाई-बहन सभी दिल्ली में रहते थे, लेकिन पिता की बीमारी के कारण पिछले छह महीनों से यह परिवार गांव में रह रहा था. इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भारी दहशत का माहौल है और तेघड़ा पुलिस के लिए इस अंधे हत्याकांड का उद्भेदन करना एक बड़ी चुनौती बन गया है.
बताते चलें कि हाल के दिनों में तेघड़ा क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. जन्माष्टमी मेले के दौरान तेघड़ा साहू भवन और मस्जिद के पास देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. इसके अलावा आधारपुर पंचायत के बिनलपुर गुप्ता लखमिनियां बांध के पास 25 वर्षीय युवती का शव मिला था.
पिढ़ौली पंचायत के डिहबार बाबाथान घाट से भी एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था. वहीं, तेघड़ा कांग्रेस भवन के पास सैलून संचालक को चाकू मारकर घायल करने की घटना और अब धनकौल पंचायत में पांच वर्षीय मासूम का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है.
इन पांच घटनाओं में एक अज्ञात युवती की पहचान और चाकूबाजी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं, बाकी तीन मामलों में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं. लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है और पुलिस के सामने मामलों के उद्भेदन की चुनौती बनी हुई है.
