बेगूसराय : वृद्ध की हत्या के बाद घटनास्थल पहुंचे SP, बोले- हर पहलू की जांच जारी

बेगूसराय एसपी मनीष ने मक्खाचक में वृद्ध लालो महतो की हत्या के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी ने पुलिस टीम को हर पहलू की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं. राटन गांव पहुंचकर गोलीबारी मामले की भी पड़ताल की गई.

बेगूसराय जिले के बखरी नगर परिषद क्षेत्र के मक्खाचक में वृद्ध लालो महतो की हत्या के बाद सोमवार को बेगूसराय के एसपी मनीष बखरी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी ने हीरो होंडा एजेंसी के पीछे स्थित उस जगह का बारीकी से जायजा लिया, जहां बीते शनिवार की देर शाम वृद्ध की गोली मारकर हत्या की गई थी. उन्होंने घटनास्थल की परिस्थितियों और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से ली.

घटनास्थल के निरीक्षण के बाद एसपी मनीष ने कहा कि पुलिस टीम हत्या की घटना के हर पहलू की बेहद गंभीरता से जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचना संभव होगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

एसपी के घटनास्थल निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें घटना से संबंधित प्रारंभिक जानकारी भी दी. एसपी ने जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए घटना के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान करने का निर्देश दिया.

राटन गांव पहुंचकर गोलीबारी मामले की भी की पड़ताल

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एसपी मनीष राटन गांव पहुंचे. यहां उन्होंने बीते छह अगस्त को सार्वजनिक कुएं के विवाद को लेकर हुई गोलीबारी के मामले में दर्ज प्राथमिकी की भी जांच-पड़ताल की.

एसपी ने मामले से जुड़े तथ्यों और दोनों पक्षों की ओर से दिए गए आवेदनों की जानकारी ली. एसपी ने बताया कि उक्त विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से उन्हें आवेदन दिया गया था और उनके स्तर से मामले की जांच-पड़ताल की जा चुकी है. जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

घटना की पृष्ठभूमि और प्रमुख अधिकारियों की मौजूदगी

बताते चलें कि शनिवार की देर शाम बखरी थाना क्षेत्र के मक्खाचक स्थित महारानी स्थान के समीप वृद्ध लालो महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. सोमवार की सुबह मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया.

एसपी के निरीक्षण के दौरान बखरी एसडीपीओ कुंदन कुमार, बलिया एसडीपीओ, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, बलिया इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने एसपी को मामले की अब तक हुई जांच और घटनाक्रम से संबंधित पूरी जानकारी दी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >