बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी का विशेष अभियान, नियम तोड़ने वालों को पहले गुलाब, फिर चालान

Begusarai News : बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ और जीआरपी ने विशेष अभियान चलाया. इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों को पहले गुलाब का फूल देकर जागरूक किया गया, फिर कार्रवाई की गई.

Begusarai News : यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को पहले गुलाब का फूल भेंट कर सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया. इसके बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई.

बिना टिकट यात्रा से लेकर ट्रैक पार करने वालों पर कार्रवाई

संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, रेलवे ट्रैक पार करने वाले लोगों, ट्रेन के पायदान पर बैठकर सफर करने वालों, स्टेशन परिसर में अवैध रूप से बाइक खड़ी करने वालों तथा उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय का अनधिकृत उपयोग करने वालों की जांच की. कई मामलों में मौके पर ही रेलवे नियमों के तहत जुर्माना भी वसूला गया.

जांच शुरू होते ही स्टेशन परिसर में मची हलचल

जैसे ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की, स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बिना टिकट यात्रा कर रहे कई यात्री जांच से बचने के लिए इधर-उधर निकलने का प्रयास करते दिखाई दिए. टिकट जांच के दौरान कई यात्रियों से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया.

पहले जागरूकता, फिर सख्त कार्रवाई : आरपीएफ

आरपीएफ बेगूसराय के निरीक्षक सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे समय-समय पर यात्रियों को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करता है. इसके बावजूद कई लोग फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय रेलवे ट्रैक पार करते हैं, बिना टिकट यात्रा करते हैं, ट्रेनों के पायदान पर बैठकर सफर करते हैं और निर्धारित पार्किंग के बजाय स्टेशन परिसर में वाहन खड़े कर देते हैं. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करना भी है. इसी कारण पहले लोगों को गुलाब का फूल देकर नियमों का पालन करने की अपील की गई. इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई.

यात्रियों से रेलवे की अपील

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें. प्लेटफॉर्म बदलने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज का उपयोग करें. ट्रेन के दरवाजे या पायदान पर बैठकर यात्रा न करें और स्टेशन परिसर में वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें. इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और रेलवे परिसर में व्यवस्था भी बनी रहेगी.

Also Read : बेगूसराय में BSNL सिम का संकट, नया और डुप्लीकेट सिम नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >