सीमेंट लदे ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचला, मौके पर मौत; भाई की हालत गंभीर

Begusarai News: बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र में सीमेंट लदे ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार 25 वर्षीय महिला नेहा कुमारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया.

Begusarai News (विकास मिश्रा): बेगूसराय जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं में लोग असमय अपनी जान गंवा रहे हैं. गुरुवार को लाखो थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खाजहांपुर गांव निवासी नेहा कुमारी (25), पति अमरजीत महतो, अपने भाई के साथ स्कूटी से नागदह गांव से लाखो थाना क्षेत्र के रमजानपुर इलाके में जमीन देखने जा रही थीं. इसी दौरान एक सीमेंट लदे बेलगाम ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.

घटनास्थल पर ही हुई मौत

यह टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सीधे ट्रक के नीचे आ गई और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं स्कूटी चला रहा उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लाया. अस्पताल में पोस्टमार्टम की आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है.

ग्रामीणों ने खलासी को पकड़ा

इधर हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया. हालांकि मुख्य चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में पूरी तरह फरार हो गया. वहीं ट्रक के खलासी को ग्रामीणों ने पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया. लाखो थाना पुलिस ट्रक को जब्त कर मामले की गहन जांच में जुट गई है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है.

पीड़ित परिवार में मचा कोहराम

इधर, इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के घर में पूरी तरह मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़कों पर दौड़ रहे तेज रफ्तार और बेलगाम वाहनों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर समय रहते प्रभावी रोक लगाई जा सके.

Also Read: सिमरिया गंगा घाट में डूबे समस्तीपुर के किशोर का शव 18 घंटे बाद बरामद, परिजनों में कोहराम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >