बेगूसराय में सांसद निधि से बना पुस्तकालय ढहाया, DM ने BDO से मांगा जवाब

Begusarai News: बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में सांसद निधि से निर्मित पुस्तकालय-सह-वाचनालय भवन को ध्वस्त किए जाने के मामले में डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने बीडीओ से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है और मामले को गंभीर प्रशासनिक अनियमितता माना है.

Begusarai News (विकास मिश्रा): बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में नव-निर्मित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन के निर्माण के दौरान सांसद निधि से पूर्व में निर्मित पुस्तकालय-सह-वाचनालय भवन को ध्वस्त किए जाने के मामले को जिला प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है. इस बाबत जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) धर्मवीर कुमार प्रभाकर से लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है.

बिना अनुमति गिराया सरकारी भवन

जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन निर्माण के दौरान पुराने पुस्तकालय-सह-वाचनालय भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. जबकि इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए न तो सक्षम प्राधिकार से पूर्व में कोई अनुमति प्राप्त की गई और न ही जिला प्रशासन को पहले इसकी कोई सूचना दी गई. स्थानीय प्रशासन ने इसे सरकारी राजस्व की बड़ी क्षति तथा निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं की खुली अवहेलना से जुड़ा बेहद गंभीर मामला माना है.

तीन दिनों में मांगा जवाब

डीएम ने अपने पत्र में बीडीओ से सीधा सवाल पूछा है कि सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति एवं आवश्यक परामर्श के बिना उक्त सरकारी भवन को ध्वस्त करने की मनमानी कार्रवाई क्यों की गई. इसके साथ ही बीडीओ को कड़ा निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्ति के ठीक तीन दिनों के भीतर इस संबंध में अपना विस्तृत स्पष्टीकरण जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराया जाए. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों में निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है.

प्रशासनिक महकमे में मची खलबली

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बीडीओ से प्राप्त स्पष्टीकरण की समीक्षा के आधार पर ही आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा. जिला प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद स्थानीय प्रशासनिक महकमे में पूरी तरह चर्चा का माहौल गर्म है और अब सभी की निगाहें बीडीओ द्वारा दिए जाने वाले जवाब तथा जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.

Also Read: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बागवन पंचायत में हुआ वृक्षारोपण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >