Begusarai News : (विकाश मिश्रा) बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय चकचनरपत में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाव के तरीके बताए गए. कार्यक्रम में बच्चों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई.
लू से बचाव के लिए बच्चों को किया गया जागरूक.
मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर सह फोकल शिक्षक मो फैयाज अहमद ने किया. उन्होंने बच्चों को बताया कि तेज धूप और गर्म हवाओं के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए.
भूखे पेट बाहर निकलने से किया मना
बच्चों को समझाया गया कि यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो खाली पेट घर से न निकलें और पर्याप्त पानी पीकर ही बाहर जाएं. साथ ही सिर पर गमछा या तौलिया भिगोकर रखने, टोपी पहनने और छाता इस्तेमाल करने की सलाह दी गई.
हल्के कपड़े और ओआरएस के इस्तेमाल पर जोर
कार्यक्रम में बच्चों को हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, काला चश्मा और जूता-चप्पल का उपयोग करने की जानकारी दी गई. शिक्षक मो फैयाज अहमद ने बताया कि लू लगने पर शरीर में पानी की कमी हो सकती है. ऐसे में तुरंत ठंडा पानी, नींबू पानी, आम का पन्ना, शरबत और ओआरएस देना चाहिए.
खानपान को लेकर भी दी गई जरूरी सलाह
बच्चों को हल्का और सुपाच्य भोजन लेने की सलाह दी गई. साथ ही खीरा, ककड़ी और तरबूज जैसे फल खाने के फायदे बताए गए. वहीं चाय, कॉफी, मांस, मछली और मदिरा से दूरी बनाने को कहा गया.
रोल प्ले ने खींचा सभी का ध्यान
कार्यक्रम के दौरान देव कुमार और रोहण कुमार ने लू से पीड़ित व्यक्ति की सहायता पर आधारित शानदार रोल प्ले प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा. इस मौके पर प्रधान शिक्षक राम कुमार सहनी समेत विद्यालय के कई शिक्षक, बाल प्रेरक और छात्र मौजूद रहे.
