बखरी PHC में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक, चिकित्सा पदाधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

Begusarai News: बेगूसराय के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इसमें मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने, नियमित ओपीडी संचालन और आयुष्मान कार्ड आईडी बनाने के कड़े निर्देश दिए गए.

Begusarai News (विकास मिश्रा): बेगूसराय जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्चुअल बैठक में अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई. इसके बाद पीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीपक कुमार सिंह ने उपस्थित सभी चिकित्सकों को कई आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने निर्देश दिया कि नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए संचालित एनबीसीसी (NBCC) को हर समय कार्यरत रखा जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए.

जांच सुविधाओं पर विशेष जोर

बैठक में ईसीजी एवं एक्स-रे जैसी जरूरी जांच सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया. आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए इमरजेंसी वार्ड में ऑक्सीजन की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया गया. सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने निर्धारित रोस्टर के अनुसार अस्पताल में उपस्थित रहकर कार्य करने तथा ओपीडी एवं आपातकालीन सेवाओं में नियमित रूप से मरीजों का उपचार करने को कहा गया है. इसके साथ ही प्रातःकालीन एवं संध्याकालीन समय में भर्ती एवं आपातकालीन मरीजों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया.

पैरामेडिकल कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य

बैठक में कहा गया कि प्रसव कक्ष एवं आपातकालीन सेवा में तैनात सभी पैरामेडिकल कर्मी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें. किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल कार्यालय को सूचित करें. एक्स-रे तकनीशियन को अस्पताल आने वाले सभी जरूरतमंद मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. वहीं दवा वितरण काउंटर पर मरीजों को सभी उपलब्ध दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने तथा दवा भंडार में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने पर बल दिया गया. जो दवाएं उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए शीघ्र इंडेंट भेजकर उपलब्ध कराने को कहा गया है.

साफ-सफाई के दिए निर्देश

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, बेड की समुचित व्यवस्था एवं नियमित रूप से साफ चादरों के उपयोग का निर्देश दिया गया. मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए शौचालयों की स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया. दवा भंडार में उपलब्ध दवाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा कम अवधि में एक्सपायर होने वाली दवाओं को अलग रखने का निर्देश स्टोर प्रभारी को दिया गया. ऑक्सीजन एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता पर भी लगातार निगरानी रखने को कहा गया है. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पीएचसी बखरी के अंतर्गत आने वाले सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का नियमित निरीक्षण किया जाएगा.

वेलनेस सेंटरों का होगा निरीक्षण

इसके तहत सभी चिकित्सा पदाधिकारी अपने रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन दो-दो स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों का निरीक्षण करेंगे. टेलीमेडिसिन सेवाओं को निर्बाध रूप से संचालित रखने के लिए सभी स्पोक एवं हब केंद्रों को नियमित रूप से कार्यरत रखने का निर्देश दिया गया. वहीं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार को डॉक्टरों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों का रोस्टर तैयार कर कार्यालय में जमा करने को कहा गया है. ओपीडी में कार्यरत सभी डाटा एंट्री ऑपरेटरों को निर्देश दिया गया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज का आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट आईडी (ABHA ID) बनाना शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें.

बैठक में कई डॉक्टर रहे मौजूद

इससे मरीजों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा. बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया. इस मौके पर डॉ शैलेंद्र कुमार, डॉ पुष्कर कुमार, डॉ राजीव कुमार चौधरी, डॉ प्रिंस चंद्रशेखर, डॉ रश्मि कुमारी, डॉ राजेश कुमार, डॉ पंकज कुमार, डॉ नवीन कुमार, डॉ सुमित शर्मा, डॉ शशि प्रधान आदि मुख्य रूप से मौजूद थे.

Also Read: बखरी PHC में टला बड़ा हादसा, प्रसव कक्ष की छत का हिस्सा टूटकर जनरेटर पर गिरा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >