बेगूसराय से बिपिन राज की रिपोर्ट
Begusarai Firing News : बरौनी रिफाइनरी थाना क्षेत्र के केशावे गांव में रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों द्वारा घर पर चढ़कर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है. गोलीबारी में घर की दीवारों और परिसर में खड़ी गाड़ियों पर गोलियों के निशान मिले हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप
केशावे वार्ड-10 निवासी स्व. भुल्लु सिंह के पुत्र पप्पू कुमार ने बरौनी रिफाइनरी थाना में कांड संख्या 70/26 दर्ज कराया है. उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि रविवार रात वह घर के बाहर बैठे थे. इसी दौरान घोड़े पर सवार होकर गांव के ही प्रियांशु कुमार तथा बाइक पर सवार कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और उन पर गोलीबारी शुरू कर दी .
उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए वह अपनी इनोवा गाड़ी के पीछे छिप गए. इसके बाद अपराधियों ने घर और गाड़ी को निशाना बनाकर लगातार फायरिंग की . इस दौरान दो गोलियां उनकी गाड़ी में भी लगीं.
पहले दी थी जान से मारने की धमकी
आवेदन में पप्पू कुमार ने आरोप लगाया है कि घटना से पहले प्रियांशु कुमार दो बार उनके घर पहुंचा था. उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था. आरोप है कि उसने 10 लाख रुपये रंगदारी की मांग करते हुए शाम तक पैसे पहुंचाने और नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. पीड़ित का कहना है कि रंगदारी नहीं देने के कारण ही रात में घर पर चढ़कर फायरिंग की गई.
फायरिंग को लेकर अलग-अलग दावे
पीड़ित ने 15 से 20 राउंड फायरिंग होने का दावा किया है. हालांकि बरौनी रिफाइनरी थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तीन से चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा सके. साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
लोगों में दहशत और आक्रोश
सरेआम हुई गोलीबारी की घटना के बाद केशावे और आसपास के गांवों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रंगदारी के लिए खुलेआम गोलीबारी कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
