बेगूसराय के छौड़ाही प्रखंड के सहुरी पंचायत अंतर्गत बाजितपुर गांव में सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. प्रशासन ने सरकारी आम रास्ते की करीब साढ़े तीन बीघा से अधिक जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया. इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे उनकी एक नहीं चली.
जानकारी के अनुसार, यह सरकारी जमीन लंबे समय से अतिक्रमण के घेरे में थी. ग्रामीणों द्वारा आम रास्ते पर अवैध रूप से कब्जा कर लेने के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी. स्थानीय लोगों की शिकायत पर अंचल कार्यालय द्वारा मौजा-बाजितपुर, खाता संख्या-218, खेसरा संख्या-1539, थाना नंबर-03, रकवा- 3 बीघा 13 कट्ठा 17 धूर की सरकारी आम किस्म की जमीन पर अतिक्रमण वाद संख्या-05/2024-25 दर्ज किया गया था.
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया था कब्जा
इसके बाद छौड़ाही सीओ द्वारा अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटा लेने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया. इसके पश्चात सीओ ने मंझौल एसडीएम को प्रतिवेदन भेजकर पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारी की मांग की थी.
अनुमंडल कार्यालय की गोपनीय शाखा से एसडीएम और एसडीपीओ द्वारा संयुक्त आदेश जारी होने के बाद अतिक्रमण हटाने की तिथि निर्धारित की गई. सोमवार की दोपहर जैसे ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद महिला और पुरुष ग्रामीण अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे. ग्रामीणों का कहना था कि वे लंबे समय से इस जमीन का उपयोग कर रहे हैं. हालांकि, प्रशासन ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया कि यह सरकारी जमीन है और इस पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में मान्य नहीं है.
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली कार्रवाई
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं. छौड़ाही थाना पुलिस के साथ-साथ पुलिस केंद्र बेगूसराय से आए सशस्त्र बल, लाठी बल और महिला पुलिस बल की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी.
पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विरोध कर रहे ग्रामीणों को किनारे किया, जिसके बाद प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों की देखरेख में पूरी सख्ती के साथ उक्त कब्जीय भूमि से अवैध निर्माण और कब्जा हटाया गया. करीब दो घंटे तक चले इस मैराथन अभियान के बाद पूरे रास्ते को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया.
अधिकारियों की मौजूदगी और सख्त चेतावनी
इस अभियान के दौरान दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ प्रिया कुमारी और सीओ चन्द्र प्रकाश पाण्डेय स्वयं मौके पर मौजूद रहे. वहीं, विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस बल का नेतृत्व प्रभारी थानाध्यक्ष रौशन प्रसाद और पुलिस अवर निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार कर रहे थे.
अतिक्रमण के खिलाफ हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अतिक्रमणकारियों और भू-माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
