बेगूसराय से शिक्षा क्षेत्र में बड़ी पहल, CM सम्राट चौधरी ने 551 सरस्वती विद्या निकेतन का किया लोकार्पण

बिहार के शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी पहल हुई है, जहाँ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का लोकार्पण किया. करोड़ों की लागत से निर्मित इन विद्यालयों में छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी.

बेगूसराय: राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की धरती बेगूसराय से रविवार को बिहार के शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी पहल की शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बरौनी रिफाइनरी स्थित मुख्य समारोह स्थल से रिमोट के माध्यम से राज्यभर में स्थापित 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का लोकार्पण किया.

इससे पहले मुख्यमंत्री ने बीपी इंटर स्कूल पहुंचकर विद्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने छात्र-छात्राओं की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी देखी और बच्चों से संवाद किया. छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया.

छात्रों के विज्ञान मॉडल और नवाचारों की सराहना

मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार विज्ञान मॉडल और नवाचारों का अवलोकन किया. उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.

करोड़ों की लागत से तैयार हुए 551 आधुनिक विद्यालय

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने करोड़ों रुपये की लागत से 551 आधुनिक विद्यालयों का निर्माण कराया है. इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला और तकनीकी शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में पढ़ने वाले चार लाख से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आईआईटी, इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को निजी विद्यालयों के बराबर बनाना है. उन्होंने कहा कि ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा कि डीएम, सांसद, विधायक, मुखिया और अन्य अधिकारी भी अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराने के लिए प्रेरित हों.

बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय और एयरपोर्ट की चर्चा

मुख्यमंत्री ने बेगूसराय के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर जिले में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है.

उन्होंने कहा कि जिले में हवाई अड्डा विकसित करने को लेकर भी सरकार और प्रशासन तेजी से प्रयास कर रहे हैं. वहीं सिमरिया को मॉडल धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. गंगा के उस पार प्रस्तावित तिरुपति मंदिर निर्माण की योजना का भी उन्होंने जिक्र किया.

रोजगार और उद्योग पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार से मजदूरों के पलायन को रोकने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि बिहार में अब तक 211 डिग्री कॉलेज और बड़ी संख्या में प्लस-2 विद्यालय शुरू किए गए हैं.

आने वाले समय में सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में करियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेल की व्यवस्था की जाएगी, ताकि युवाओं को पढ़ाई के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.

शिक्षा मंत्री ने बिहार की गौरवशाली परंपरा का किया उल्लेख

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार प्राचीन काल से शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने जन्म उत्तर प्रदेश में लिया, लेकिन शिक्षा ग्रहण करने के लिए बिहार के बक्सर को चुना था.

उन्होंने कहा कि नालंदा, विक्रमशिला और तक्षशिला जैसी गौरवशाली परंपरा वाले बिहार को फिर से शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है. सरस्वती विद्या निकेतन इसी सोच का परिणाम है.

लाभुकों को योजनाओं का सौंपा गया चेक

मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए. इसमें मुख्यमंत्री पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, जीविका, अंतर्जातीय विवाह योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं.

उन्होंने लोगों को सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी भी दी.

बीपी इंटर स्कूल में किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर पहुंचा, जिसके बाद वे बीपी इंटर स्कूल पहुंचे. यहां उन्होंने स्मार्ट क्लास, प्रयोगशालाओं और छात्र प्रदर्शनी का निरीक्षण किया.

छात्रों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. कार्यक्रम स्थल, गांधी स्टेडियम, बीपी इंटर स्कूल और बरौनी रिफाइनरी परिसर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी.

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सहकारिता मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, विधायक कुंदन कुमार, रजनीश कुमार, सुरेंद्र मेहता, अभिषेक कुमार, राजद विधायक नरेंद्र कुमार उर्फ बोंगो सिंह, विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार, डीजीपी विनय कुमार, मेयर पिंकी देवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >