NEET Result: बेगूसराय जिले के बरौनी प्रखंड क्षेत्र की एक होनहार बेटी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में ऐतिहासिक सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम देश स्तर पर रौशन किया है. बरौनी के निपनियां (कादिरचक) निवासी व सीआरपीएफ (CRPF) के हेड कांस्टेबल राजेश कुमार एवं गृहणी पुष्पा देवी की पुत्री जानशी ने नीट परीक्षा में न केवल शानदार अंकों के साथ सफलता पाई है, बल्कि एक बेहतरीन रैंक हासिल कर अपने डॉक्टर बनने के सपने की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है.
16 जुलाई को जारी हुए नीट परीक्षा के परिणाम में, जहां देश भर के ग्यारह लाख से अधिक छात्रों ने सफलता प्राप्त की है, वहीं जानशी ने 640 अंकों के साथ अखिल भारतीय स्तर (All India Rank) पर 2214वां स्थान प्राप्त किया है. उनकी इस गौरवमयी उपलब्धि से पूरे निपनियां गांव और बरौनी क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
कोटा में रहकर की तैयारी, बनना चाहती हैं स्त्री रोग विशेषज्ञ
अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए जानशी ने बताया कि उन्होंने राजस्थान के कोटा में रहकर नीट परीक्षा की कठिन तैयारी की थी. वह आगे चलकर एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई पूरी करना चाहती हैं और एक सफल स्त्री रोग विशेषज्ञ (Gynecologist) बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं. जानशी का लक्ष्य है कि वह अपने गृह क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर व सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराकर मानव सेवा में अपना जीवन समर्पित करें.
चाचा और पापा के त्याग का मिला फल
जानशी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बरौनी से ही पूरी की है. अपनी इस बड़ी सफलता का पूरा श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है. जानशी ने अत्यंत भावुक होते हुए कहा, "मेरी इस सफलता की कठिन यात्रा में मेरे पूरे परिवार का बहुत बड़ा योगदान रहा है, खासकर मेरे पापा और मेरे चाचा का. वे दोनों बचपन से ही मुझे एक डॉक्टर के रूप में देखना चाहते थे. मेरे इस पूरे सफर में उन्होंने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया, मेरा हौसला बढ़ाया और हर परिस्थिति में ढाल बनकर खड़े रहे. आज मैं जहां भी पहुंच पाई हूं, वह उनके त्याग, विश्वास और निरंतर सहयोग का ही मीठा फल है."
बधाई देने वालों का लगा तांता
बरौनी की बेटी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी उत्साह है. जानशी को बधाई देने और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करने वालों में मुख्य रूप से भाजपा नेता केशव शाण्डिल्य, स्थानीय वार्ड पार्षद सह जनसुराज प्रदेश समिति के सदस्य कुमार गौतम, पंकज कुमार बुलबुल सहित भारी संख्या में ग्रामीण, प्रबुद्ध नागरिक और बुद्धिजीवी शामिल हैं. सभी ने जानशी के घर पहुंचकर परिजनों को मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं दीं.
Also Read: बेगूसराय: चेरियाबरियारपुर के स्वर्णव सुमन ने नीट परीक्षा में लहराया परचम, क्षेत्र का नाम किया रौशन
