सूरत से ट्रेन के रास्ते अपने घर वापस लौट रहे बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के सिमरी गांव निवासी एक युवक की दिलदारनगर जंक्शन के पास चलती ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई. इस अप्रत्याशित और भीषण हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक की पहचान सिमरी गांव निवासी मो. अजीम अंसारी के मंझले पुत्र मो. चांद आलम के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, मो. चांद आलम रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात के सूरत में रहकर काम करते थे. गुरुवार को वह ट्रेन पर सवार होकर सूरत से अपने पैतृक गांव सिमरी लौट रहे थे. इसी दौरान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और बिहार के बक्सर जिले की सीमा के पास स्थित दिलदारनगर जंक्शन के समीप वह अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
आधार कार्ड से हुई पहचान, परिजनों में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा शव को अपने कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की और इसके बाद बखरी थाने को इस हादसे की आधिकारिक जानकारी दी.
सूचना मिलते ही बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने तुरंत पहल करते हुए मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना से अवगत कराया. मौत की मनहूस खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई. मृतक के परिजन मो. जब्बार, मो. नौशाद समेत अन्य कई रिश्तेदार शव को लाने के लिए तुरंत दिलदारनगर के लिए रवाना हो गए हैं.
स्थानीय पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. शुक्रवार देर रात तक शव के उनके पैतृक गांव सिमरी पहुंचने की बात कही जा रही है, जिसके बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
