बछवाड़ा बाजार में जर्जर भवन का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

Begusarai News : बेगूसराय के बछवाड़ा बाजार में बारिश के दौरान एक जर्जर मकान का हिस्सा भरभरा कर गिर गया. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लोग बाल-बाल बच गए.

Begusarai News : बछवाड़ा प्रखंड की रानी-एक पंचायत स्थित बछवाड़ा बाजार में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. हल्की बारिश के दौरान गोविंद कॉम्प्लेक्स के जर्जर तीन मंजिला भवन की तीसरी मंजिल का अगला हिस्सा और छज्जा अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.

तेज धमाके से मचा हड़कंप, लोग भागकर पहुंचे सुरक्षित स्थान पर

स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार दोपहर हल्की बारिश के बीच बाजार में सामान्य रूप से खरीदारी चल रही थी. इसी दौरान भवन का कमजोर हो चुका अगला हिस्सा तेज आवाज के साथ नीचे गिर गया. मलबा सड़क पर गिरते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के दुकानदार और ग्राहक घबरा गए. लोग अपनी-अपनी दुकानें छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.

कॉम्प्लेक्स में संचालित हैं कई दुकानें

गोविंद कॉम्प्लेक्स के निचले हिस्से में कपड़ा दुकान, श्रृंगार की दुकान, नॉन-बैंकिंग संस्थान, जांच घर समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं. विभिन्न व्यवसायी यहां किराये पर दुकान लेकर अपना रोजगार चला रहे हैं. संयोगवश सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानें उस समय बंद थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

व्यस्त समय में होती तो हो सकती थी बड़ी जनहानि

स्थानीय दुकानदार संजय कुमार, श्याम प्रसाद दास, सुधीर कुमार और मनोज कुमार ने बताया कि दोपहर का समय और हल्की बारिश होने के कारण बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम थी. उन्होंने कहा कि यदि यह हादसा शाम के व्यस्त समय में होता, जब बाजार में लोगों की भारी भीड़ रहती है, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी. दुकानदारों ने इसे भगवान की कृपा बताते हुए राहत जताई.

जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

घटना के बाद बछवाड़ा बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. लोगों ने जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >