Begusarai Ashtyam Mahayagya : बेगूसराय के खोदावंदपुर प्रखंड के चलकी गांव स्थित श्रीराम-जानकी ठाकुरबाड़ी में आयोजित दो दिवसीय अष्टयाम महायज्ञ का बुधवार को विधि-विधान के साथ कलश विसर्जन कर समापन किया गया. समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की.
कलश शोभायात्रा के साथ हुई थी शुरुआत
जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ अष्टयाम महायज्ञ का शुभारंभ हुआ था. आयोजन के दौरान श्रद्धालु लगातार भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में उत्साहपूर्वक शामिल रहे. पूरे आयोजन के दौरान ठाकुरबाड़ी परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा.
महंत राम लखन दास के नेतृत्व में हुआ आयोजन
श्रीराम-जानकी ठाकुरबाड़ी के पुजारी महंत राम लखन दास के नेतृत्व में धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ. उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ वैदिक विधि-विधान से सभी अनुष्ठान संपन्न कराए.
ग्रामीणों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
महायज्ञ को सफल बनाने में सेवानिवृत्त शिक्षक रामकृष्ण पोद्दार, राजेंद्र महतो, रामचंद्र पंडित, रामजीवन पंडित, हीरा महतो सहित गांव के कई लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया. आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता उल्लेखनीय रही.
