बेगूसराय के मंसूरचक प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के सम्मान एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, नियमित जांच एवं सुरक्षित मातृत्व के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई.
सीडीपीओ मो. महताब ग्यास ने पौष्टिक आहार, आराम व स्वास्थ्य जांच का दिया संदेश
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, मंसूरचक मो. महताब ग्यास के द्वारा सेविका, सहायिका, लाभार्थी तथा आमजन को यह बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, पर्याप्त आराम एवं परिवार का सहयोग मिलना अत्यंत आवश्यक है. स्वस्थ मां ही स्वस्थ बच्चे को जन्म देती है और स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव बनता है.
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए सामूहिक पहल, समाज की जिम्मेदारी पर दिया जोर
गोदभराई कार्यक्रम के माध्यम से समाज में यह संदेश दिया गया कि गर्भवती महिला का सम्मान, उचित पोषण और बेहतर देखभाल केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है. मंसूरचक के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित यह सामूहिक पहल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है.
