Begusarai News : नेपाल में जलप्रलय के संभावित प्रभाव को देखते हुए बेगूसराय जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. जिला स्तर के अधिकारियों की टीम लगातार जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही है. इसी क्रम में बेगूसराय के अपर समाहर्ता ब्रज किशोर चौधरी ने बुधवार को सनहा-गोरगामा बांध का निरीक्षण किया. उन्होंने चेचियाही, सनहा, समस्तीपुर से ज्ञान टोल तक गंगा के जलस्तर, बांध पर बाढ़ के पानी के दबाव और बांध के कमजोर स्थलों का जायजा लिया.
बाढ़ से निबटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार : अपर समाहर्ता
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी भी स्थिति से निबटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि आमजनों को घबराने और डरने की जरूरत नहीं है. प्रशासन की ओर से बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाये जाएंगे.
11 हजार वोल्ट के तार के नीचे सूखा पेड़ बना खतरा
बांध निरीक्षण के दौरान सनहा कब्रिस्तान ढाला के समीप स्थानीय लोगों ने एक सूखे पीपल के पेड़ को हटवाने की मांग की. पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने अपर समाहर्ता को बताया कि उक्त पेड़ के ठीक नीचे से 11 हजार वोल्ट का विद्युत प्रवाहित तार गुजर रहा है. ऐसे में किसी भी समय हादसा हो सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त स्थान पर लोगों का बैठका भी लगता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है.
बिजली विभाग को पेड़ हटाने का निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर समाहर्ता ब्रज किशोर चौधरी ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सूखे पीपल के पेड़ को जल्द हटवाने का निर्देश दिया. बिजली विभाग के अधिकारी ने भी शीघ्र पेड़ हटाने का भरोसा दिलाया.
जर्जर बांध की मरम्मत और पीसीसी सड़क की मांग
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख मनोज कुमार ने चेचियाही बांध से समस्तीपुर के बीच जर्जर बांध की मरम्मत कराने और पीसीसी कार्य कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय आपात स्थिति में प्रशासनिक पदाधिकारियों को आवागमन में परेशानी होती है. ऐसे में सड़क को दुरुस्त कराया जाना जरूरी है.
समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
अपर समाहर्ता ने इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारी से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जरूरी कदम उठाये जाएंगे. निरीक्षण के दौरान बलिया एसडीपीओ और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
