Begusarai News : बेगूसराय के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट में बुधवार से रंगपुष्प संस्था के सहयोग से 10 दिवसीय अभिनय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ. कार्यशाला का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार, वरिष्ठ शिक्षक अनुपमा सिंह, सहायक शिक्षिका पूनम कुमारी तथा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से प्रशिक्षित रंगकर्मी एवं रंगपुष्प संस्था की सचिव खुशबू कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
अभिनय से आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का होगा विकास
प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर ऐसे अवसर उपलब्ध कराना है, जिनसे उनका व्यक्तित्व निखरे और वे अपनी बात प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करना सीखें. उन्होंने कहा कि अभिनय से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, संवाद कौशल, संवेदनशीलता और टीम भावना का विकास होता है. उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे मनोयोग के साथ प्रशिक्षण में भाग लेने की अपील की.
प्रशिक्षण में अभिनय की बुनियादी तकनीकों से होंगे रूबरू
कार्यशाला का संचालन कर रहीं खुशबू कुमारी ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में बच्चों को अभिनय की बुनियादी तकनीकों के साथ स्वर साधना, शारीरिक अभिव्यक्ति, मंच अनुशासन, संवाद अदायगी, एकाग्रता, नेतृत्व क्षमता तथा समूह में कार्य करने के कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को पूरी तरह सहभागितापूर्ण बनाया गया है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी सक्रिय रूप से सीख सके और अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर प्राप्त कर सके.
कला और संस्कृति से होगा समग्र विकास
वरिष्ठ शिक्षिका अनुपमा सिंह ने कहा कि विद्यालयी शिक्षा में कला और संस्कृति का समावेश बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है. ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों की झिझक दूर करने के साथ उनकी कल्पनाशीलता को विस्तार देती हैं और उनमें सकारात्मक ऊर्जा तथा आत्मविश्वास का संचार करती हैं.
Also Read : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक के परिवार को चालकों ने दी 17.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
पहले दिन विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों में लिया हिस्सा
कार्यशाला के पहले दिन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक परिचयात्मक गतिविधियों, अभिनय अभ्यासों और समूह आधारित रचनात्मक खेलों में भाग लिया. प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों द्वारा अभिनय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी.
Also Read : नवादा में अंचल कार्यालय परिसर से शिक्षक की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
शिक्षकों का मिला सक्रिय सहयोग
उद्घाटन समारोह में सहायक शिक्षिका पूनम कुमारी एवं विशिष्ट शिक्षक गौरव रौशन की सक्रिय उपस्थिति और सहयोग उल्लेखनीय रहा. विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
Also Read : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक के परिवार को चालकों ने दी 17.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
