Begusarai Crime News : बेगूसराय जिले के मंझौल थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एसी लगाने का विवाद एक बड़े खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. दो पक्षों के बीच हुई इस भीषण हिंसक झड़प में 50 वर्षीय सब्जी विक्रेता संजय साहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस जघन्य वारदात के बाद से इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है.
छज्जे के नीचे एसी लगाने का किया था विरोध
मृतक की पहचान स्वर्गीय शिवनंदन साहू के पुत्र संजय साहू के रूप में हुई है. उनके बेटे सोनू कुमार ने बताया कि पड़ोसी अपनी खिड़की में एसी लगा रहे थे, जिसका बाहरी हिस्सा उनके मकान के छज्जे के नीचे आ रहा था. संजय साहू ने इसका कड़ा विरोध किया था लेकिन पड़ोसी जबरन एसी लगाने पर अड़े रहे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
लाठी-डंडों से हमले में पूरा परिवार हुआ घायल
कहासुनी के दौरान पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में संजय साहू के सिर पर गंभीर चोट आई और वे बुरी तरह घायल होकर गिर पड़े. उनके बचाव में आए पुत्र सोनू कुमार, पत्नी समता देवी, बेटी अरुणा कुमारी और भाई संतोष साह भी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा.
इलाज के लिए पटना जाने के दौरान रास्ते में मौत
गंभीर रूप से घायल संजय साहू को सबसे पहले मंझौल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में भी उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. हालांकि पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
पुलिस ने चार आरोपितों को किया गिरफ्तार
शुक्रवार को पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मंझौल थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़ित परिवार की तरफ से आवेदन मिलने के तुरंत बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : बेगूसराय के तेघड़ा ICDS कार्यालय में फर्जीवाड़ा का आरोप, सादे बिल पर बन रहा लाखों का हिसाब
