Bankipur By Election Result: पटना के बांकीपुर को आज नया विधायक मिल जाएगा. मुख्य रूप से मुकाबला बीजेपी के कैंडिडेट नीरज कुमार, आरजेडी की कैंडिडेट रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है. अब से थोड़ी ही देर में रुझान सामने आने लगेंगे. इससे पहले एएन कॉलेज और इसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई है.
महज 34.31 प्रतिशत हुई थी वोटिंग
बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को महज 34.31 प्रतिशत वोटिंग हुई थी. टोटल 25 उम्मीदवारों के लिए वोट डाले गए थे. यह पिछले नवंबर में हुए चुनाव (41.35 प्रतिशत) से करीब सात प्रतिशत कम है. इतना ही नहीं, इस बार पिछले चार चुनावों में सबसे कम वोटिंग हुई है. 2020 जो कि कोरोना महामारी का समय था, उस वक्त भी इस बार से ज्यादा प्रतिशत वोटिंग हुई थी. 2020 में 35.91 प्रतिशत वोटिंग हुई थी. वोटिंग प्रतिशत कम होने की वजह से इसका फायदा किसे मिलेगा, इसकी चर्चा जमकर हुई.
इन मुद्दों ने चुनाव को बनाया खास और दूर तक जा सकता है संदेश
बांकीपुर उपचुनाव का नतीजा हो सकता है कि बिहार की सत्ता के समीकरण न बदले, लेकिन इसका राजनीतिक संदेश पूरे राज्य में सुनाई देगा. राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिर्फ एक सीट का मुकाबला नहीं, बल्कि जनता के मूड और दलों की सियासी ताकत की बड़ी परीक्षा है.
बांकीपुर सीट पर चुनाव ऐसे समय में हुआ है, जब युवाओं का आक्रोश, छात्र आंदोलन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, भरत तिवारी एनकाउंटर और नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद कुर्मी-कुशवाहा राजनीति जैसे कई मुद्दे चर्चा में हैं. अब निगाहें इस बात पर टिकी है कि बांकीपुर की जनता किसके पक्ष में अपना फैसला देती है.
तीन उम्मीदवारों के बीच मुख्य मुकाबला
बांकीपुर सीट के लिए टोटल 25 उम्मीदवार मैदान में है. लेकिन मुख्य मुकाबला तीन दलों के बीच माना जा रहा है. बीजेपी के कैंडिडेट नीरज कुमार हैं. जबकि राजद की तरफ से रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया गया. जन सुराज की बात करें तो पार्टी के संस्थापक खुद चुनावी मैदान में हैं. चुनाव में जीत के लिए तीनों ने अपनी-अपनी ताकत झोंक दी है. लेकिन जनता किसके सपोर्ट में है और किसे अपना नेता बनाना चाहती है, यह बस कुछ घंटों में ही क्लियर हो जाएगा.
एएन कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था टाइट
ऐसे में आज पटना के एएन कॉलेज में काउंटिंग को लेकर पूरी व्यवस्था की गई है. सुबह-सुबह मतगणना केंद्र पर पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा और पटना के डीएम कंदन कुमार पहुंचे हैं. इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है. मतदान केंद्र के अंदर जाने वालों की चेकिंग की जा रही है. साथ ही एक जगह पर लोगों को इकट्ठा होने नहीं दिया जा रहा है.
Also Read: बिहार के इन 24 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की एडवाइजरी
