अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर महिला की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

कटोरिया थाना अंतर्गत कटोरिया-देवघर मुख्य सड़क मार्ग पर देवासी मोड़ पर बुधवार की रात्रि करीब साढ़े सात बजे अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग पर देवासी मोड़ पर हुई दुर्घटना

कटोरिया. कटोरिया थाना अंतर्गत कटोरिया-देवघर मुख्य सड़क मार्ग पर देवासी मोड़ पर बुधवार की रात्रि करीब साढ़े सात बजे अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतका की पहचान डोमसरणी पंचायत अंतर्गत गढ़ना गांव निवासी टेलर मो तबरेज उर्फ प्यारू खान की 55 वर्षीया पत्नी रेहाना बीबी के रूप में हुई है. घटना को लेकर पीड़ित परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

इधर सड़क दुर्घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर सह कटोरिया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार व पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार दल-बल के साथ देवासी मोड़ पहुंचे. पुलिस ने लहूलुहान रेहाना बीबी को एंबुलेंस द्वारा रेफरल अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, गढ़ना गांव निवासी मो तबरेज उर्फ प्यारू बाइक द्वारा पत्नी के साथ अपने साढ़ू के मृत भाई का अंतिम दर्शन करने चांदन गया था. वापसी के क्रम में देवासी मोड़ पर बाइक में पीछे से अनियंत्रित ट्रक ने धक्का मार दिया, जिससे बाइक के पीछे बैठी रेहाना बीबी सड़क पर गिरी और ट्रक का चक्का उसके सिर पर चढ़ गया, इसकी वजह से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. दुर्घटना की सूचना पर काफी संख्या में लोग रेफरल अस्पताल पहुंचे. इस मौके पर सफीकुर्र रहमान, मो शाहजहां, दाहिर हुसैन मुन्ना आदि मौजूद रहे.

छह दिन पूर्व भी एक महिला की हुई थी मौत

कटोरिया थाना अंतर्गत कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर आरपत्थर मोड़ पर भी छह दिनों पूर्व एक महिला की ट्रक से कुचलकर मौत हो गयी थी. गत 15 जनवरी गुरुवार को पति के साथ मीना बाजार देखने आ रही महिला की मौत हो गयी थी. मृतका की पहचान दामोदरा पंचायत के बरमसिया गांव निवासी उमेश दास की 26 वर्षीया पत्नी लक्ष्मी देवी के रूप में हुई थी. दुर्घटना में पति उमेश दास को बाल-बाल बच गया था. लेकिन भगीना प्रियांशु गंभीर रूप से जख्मी हुआ था, जिसे बेहतर इलाज को लेकर रेफर किया गया था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >