बाराहाट (बांका). प्रखंड क्षेत्र के सोनडीहा दक्षिणी पंचायत में वार्ड सदस्य और मुखिया पक्ष के बीच विवाद एक बार फिर सामने आया है. पंचायत की वार्ड सदस्य बीबी सुफियाना खातून, पति मोहम्मद कादिर, ने मुखिया निजामुद्दीन एवं उनके पुत्र मोहम्मद चांद समेत सात लोगों के खिलाफ न्यायालय की शरण ली है. वार्ड सदस्य ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है. दायर शिकायत में वार्ड सदस्य ने आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों द्वारा उन्हें बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही है.
उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपित उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते हैं. वार्ड सदस्य ने न्यायालय से मामले में आवश्यक कार्रवाई के साथ-साथ अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है. वार्ड सदस्य और पंचायत के मुखिया पक्ष के बीच विवाद को लेकर पहले भी तनातनी की स्थिति सामने आती रही है.ताजा शिकायत के बाद पंचायत की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. आरोपों को मुखिया ने बताया निराधार इधर, पंचायत के मुखिया मोहम्मद निजामुद्दीन ने वार्ड सदस्य बीबी सुफियाना खातून द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके द्वारा वार्ड सदस्य को किसी प्रकार की धमकी नहीं दी गई है. मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं.अब न्यायालय में दायर शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है.
