बौंसी. फागा गांव के चौधरी टोला में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सह ज्ञान यज्ञ का गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के बीच विधिवत समापन हो गया. 13 मार्च से शुरू इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचते रहे. समापन दिवस की शुरुआत सुबह विधिवत देव पूजन के साथ हुई. इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रवचन, हवन और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. इससे पूर्व बुधवार की रात्रि में दीप यज्ञ के माध्यम से वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया गया. कथावाचन बनारस से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक भोले श्री उर्फ अनिलेश तिवारी ने किया. उन्होंने अपने ओजस्वी और भावपूर्ण शैली में श्रीमद्भागवत के प्रसंगों को प्रस्तुत करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया. अंतिम दिन उन्होंने परीक्षित मोक्ष, सुदामा चरित्र और श्रीकृष्ण लीला का विस्तृत वर्णन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने गहरी श्रद्धा और ध्यानपूर्वक सुना. इस दौरान आसपास के कई गांवों से भी भारी संख्या में लोग शामिल हुए. आयोजन को सफल बनाने में मुकेश चौधरी, नंद देव चौधरी, मदन चौधरी, निरंजन चौधरी समेत अनेक ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी मेहनत और समर्पण से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका.
चौधरी टोला में श्रीमद्भागवत कथा का हवन और भंडारे के साथ समापन
फागा गांव के चौधरी टोला में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सह ज्ञान यज्ञ का गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के बीच विधिवत समापन हो गया
