Road Accident: चांदन (बांका). चांदन थाना क्षेत्र के देवघर-कटोरिया मुख्य सड़क मार्ग पर तुर्की मोड़ के समीप गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में दिल्ली में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर मेघा मिश्रा और कार चालक मिथलेश पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चांदन पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
देवघर एयरपोर्ट से भागलपुर लौट रही थीं मेघा मिश्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार भागलपुर निवासी अजय मिश्रा की पुत्री मेघा मिश्रा दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं. वह दिल्ली से हवाई यात्रा कर देवघर एयरपोर्ट पहुंची थीं. वहां से अपने पिता अजय मिश्रा के साथ निजी कार से भागलपुर लौट रही थीं.
तुर्की मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
बताया गया कि चांदन थाना क्षेत्र के तुर्की मोड़ के समीप उनकी कार को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मेघा मिश्रा तथा चालक मिथलेश पासवान गंभीर रूप से घायल हो गये.
सीएचसी में हुआ प्राथमिक उपचार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल चांदन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति का आकलन किया. पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
Road Accident: घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है.
