उमस से बेहाल बांका, 29 जुलाई से मौसम बदलने की संभावना, बारिश और आंधी की चेतावनी जारी

Banka Weather Update : बांका जिले में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है. 29 जुलाई से मौसम करवट बदल सकता है, जिससे बारिश और आंधी की संभावना है. जानें किसानों के लिए खास सलाह.

Banka Weather Update : बांका जिले में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया है. सुबह से ही तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है. दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर और अधिक महसूस हो रहा है. इस बीच बिजली की लगातार आंख-मिचौनी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. घरों में पंखे और कूलर बंद होने से लोग गर्मी से राहत नहीं पा रहे हैं. रविवार को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. धूप और छांव का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि इससे राहत मिलने की बजाय उमस और बढ़ने की आशंका जताई गई है.

धानरोपनी पर मौसम की मार, किसान बारिश का कर रहे इंतजार

बारिश नहीं होने का सबसे अधिक असर खेती पर दिखाई दे रहा है. जिले के कई इलाकों में धानरोपनी की रफ्तार धीमी पड़ गई है. खेतों में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण किसान चिंतित हैं. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा. तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कृषि कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.

29 जुलाई से बदलेगा मौसम, बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के मध्यम अवधि के पूर्वानुमान के अनुसार 29 जुलाई के आसपास मौसम का मिजाज बदल सकता है. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और दक्षिण बिहार के कई जिलों सहित बांका में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा तेज हवा चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 55 से 60 प्रतिशत रह सकती है. पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी जताई गई है.

मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों और किसानों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें. खेतों में काम कर रहे किसान मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही कृषि कार्य करें. यदि पूर्वानुमान के अनुसार अच्छी बारिश होती है तो जिले में धानरोपनी को गति मिलेगी और उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मदन कुमार

मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >